दिल्ली-लखनऊ हाईवे पर भीषण सड़क हादसे में उत्तराखण्ड के चार युवकों की दर्दनाक मौत

देहरादून। पड़ोसी राज्य उत्तर प्रदेश के मुरादाबाद में सोमवार सुबह दिल्ली-लखनऊ नेशनल हाईवे पर हुई सड़क दुर्घटना में उत्तराखंड के नैनीताल और हल्द्वानी के चार युवकों की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई। एक युवक गंभीर रूप से घायल है।

घायल को मुरादाबाद जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है। हादसे की वजह ईंटों से भरी ट्रैक्टर-ट्रॉली से कार की टक्कर बतायी जा रही है। पुलिस ने मृतकों के शव का पंचनामा भरकर पीएम के लिए भेज दिया है।

मुरादाबाद के थाना मूंढापांडे एसएचओ मोहित कुमार ने बताया कि क्षेत्र के मनकरा मोड़ के पास दिल्ली-लखनऊ नेशनल हाईवे पर कार और ईंट लदी ट्रैक्टर ट्रॉली के भिड़ंत की सूचना मिली थी। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची। पुलिस ने स्थानीय लोगों की मदद से कार में फंसे युवकों को बाहर निकाला। हादसा इतना भीषण था कि चार युवक अचेत थे, एक युवक गंभीर रूप से घायल था।

आनन फानन में सभी को सामुदायिक केंद्र पहुंचाया गया। डॉक्टर ने चार युवकों को मृत घोषित कर दिया। गंभीर रूप रूप से घायल युवक को मुरादाबाद जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया है। उसकी हालत भी गंभीर बताई जा रही है। सीएचसी मूंढापांडे की मेडिकल ऑफिसर डॉ. ईशा सिंह ने बताया कि प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार हादसा कार चालक को नींद की झपकी आने के कारण हुआ।

चलते वाहन में चालक को झपकी आने के कारण कार अनियंत्रित हो गई। तेज रफ्तार कार आगे चल रही ईंट लदी ट्रैक्टर ट्रॉली से टकरा गई। ट्रैक्टर ट्रॉली से टकराते ही कार बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई। पांच युवकों को यहां लाया गया था। सभी को मल्टीपल इंजरी थीं. चार युवक ब्रॉड डेड थे, जबकि एक युवक को प्राथमिक उपचार के बाद जिला अस्पताल रेफर किया गया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *