9.87 लाख पेंशनरों के खातों में पहुंची 146 करोड़ की रकम

मुख्यमंत्री ने जारी की जुलाई माह की पेंशन

देहरादून। प्रदेश के करीब 10 लाख पेंशन लाभार्थियों को जुलाई माह की पेंशन जारी कर दी गई है। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने शनिवार को मुख्यमंत्री कैंप कार्यालय से समाज कल्याण विभाग की विभिन्न पेंशन योजनाओं के 9 लाख 87 हजार 17 लाभार्थियों के खातों में डीबीटी के माध्यम से 146 करोड़ 32 लाख 50 हजार रुपये की राशि हस्तांतरित की।

पेंशन की राशि सीधे खातों में पहुंचने से बुजुर्गों, विधवा महिलाओं, दिव्यांगों और अन्य पात्र लाभार्थियों को राहत मिली है। मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार की प्राथमिकता है कि पात्र लोगों को उनकी पेंशन समय पर मिले और इसके लिए उन्हें सरकारी कार्यालयों के चक्कर न काटने पड़ें। उन्होंने कहा कि डीबीटी के माध्यम से भुगतान की व्यवस्था को पारदर्शी बनाने के साथ ही सरकारी योजनाओं का लाभ सीधे जरूरतमंदों तक पहुंचाया जा रहा है।

समाज कल्याण मंत्री खजान दास ने बताया कि जुलाई की किश्त में विभिन्न पेंशन योजनाओं के 9,87,017 लाभार्थियों को भुगतान किया गया है। इसमें राष्ट्रीय सामाजिक सहायता कार्यक्रम के करीब 2.15 लाख पेंशनर भी शामिल हैं। इन पेंशनरों को एसएनए स्पर्श प्रणाली के जरिए भुगतान किया जा रहा है।

आंकड़ों के अनुसार सबसे अधिक 6,15,628 लाभार्थियों को वृद्धावस्था पेंशन दी गई। इन्हें 1,500 रुपये प्रतिमाह की दर से कुल 92.34 करोड़ रुपये मिले। विधवा पेंशन के 2,36,983 लाभार्थियों के खातों में 35.54 करोड़ रुपये और दिव्यांग पेंशन के 89,128 लाभार्थियों को 13.36 करोड़ रुपये भेजे गए।

इसी तरह किसान पेंशन के 27,288 लाभार्थियों को 3.20 करोड़ रुपये तथा परित्यक्ता पेंशन के 8,284 लाभार्थियों को करीब 99.40 लाख रुपये दिए गए। भरण-पोषण अनुदान के 7,383 लाभार्थियों को 51.68 लाख, तीलू रौतेली पेंशन के 2,196 लाभार्थियों को 26.35 लाख और बौना पेंशन के 127 लाभार्थियों को 1.52 लाख रुपये का भुगतान किया गया।

मुख्यमंत्री धामी ने कहा कि सरकार समाज के कमजोर और जरूरतमंद वर्ग को योजनाओं का लाभ दिलाने के लिए लगातार व्यवस्था में सुधार कर रही है। उनका कहना था कि बुजुर्ग, विधवा और दिव्यांग लाभार्थियों को सम्मान के साथ समय पर आर्थिक सहायता उपलब्ध कराना सरकार की जिम्मेदारी है।

उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मार्गदर्शन में राज्य सरकार समाज के अंतिम व्यक्ति तक विकास और कल्याणकारी योजनाओं का लाभ पहुंचाने के लिए काम कर रही है।

इस मौके पर सचिव समाज कल्याण श्रीधर बाबू अद्दांकी, निदेशक जनजाति कल्याण संजय टोलिया, अपर सचिव सुन्दरलाल सेमवाल, निदेशक संजय कुमार, अपर निदेशक योगेंद्र रावत, संयुक्त निदेशक जीआर नौटियाल और गोवर्धन सिंह सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *