मंदाकिनी में नहाने गए होटल मैनेजर की डूबने से मौत

रुद्रप्रयाग। मंदाकिनी नदी में नहाने के दौरान एक होटल मैनेजर की डूबने से मौत हो गई। सूचना मिलने पर स्थानीय पुलिस और एसडीआरएफ टीम ने मौके पर पहुंचकर रेस्क्यू अभियान चलाया और युवक के शव को नदी से बाहर निकाला। पुलिस मृतक के शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।

मिली जानकारी के अनुसार  चैकी तिलवाड़ा पुलिस को एक व्यक्ति के मंदाकिनी नदी में डूबने की सूचना मिली। प्रभारी चैकी तिलवाड़ा एएसआई जावेद अली और कांस्टेबल भूपेंद्र भट्ट पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे। एसडीआरएफ की सहायता से नदी में डूबे युवक को बाहर निकाला गया।

पुलिस जांच में मृतक की पहचान मनीष उर्फ मोनू के रूप में हुई, जो उमाश्री होटल में मैनेजर के पद पर कार्यरत था। मृतक ग्राम फागनवा, थाना सदर जिला सीकर, राजस्थान निवासी है।
बताया गया कि  मनीष अपने साथी कर्मचारियों हरप्रीत, हरमन और युवराज के साथ मंदाकिनी नदी में नहाने गया था।

पहले सभी लोग होटल के नीचे नदी किनारे नहा रहे थे, लेकिन बाद में मनीष ने शिवानी होटल के पीछे नदी क्षेत्र में जाने की बात कही। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार मनीष तैरते हुए नदी के बीच तक पहुंच गया, जहां पानी का बहाव काफी तेज था।

तेज धारा की चपेट में आने से वह नदी में डूब गया। कुछ समय बाद पानी का बहाव कम होने पर उसका शव दिखाई दिया, जिसके बाद साथियों ने तत्काल पुलिस कंट्रोल रूम को सूचना दी।

एसडीआरएफ और पुलिस टीम ने शव को नदी से बाहर निकाला। पुलिस ने बताया कि मामले में आवश्यक कार्रवाई की जा रही है तथा उच्च अधिकारियों को भी घटना से अवगत करा दिया गया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *