श्रीयंत्र मंदिर के भंडारी ने फांसी लगाकर दी जान

पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा
हरिद्वार (चंद्रशेखर जोशी)। कनखल स्थित श्रीयंत्र मंदिर आश्रम में उस समय हड़कंप मच गया, जब आश्रम में भंडारी के रूप में कार्यरत पैंसठ वर्षीय प्रकाश चंद जोशी ने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। घटना की जानकारी मिलते ही आश्रम परिसर में मौजूद लोगों में अफरा-तफरी मच गई। सूचना पुलिस को दी गई, जिसके बाद पुलिस टीम मौके पर पहुंची। घटनास्थल का निरीक्षण किया।

पुलिस के अनुसार मृतक प्रकाश चंद जोशी लंबे समय से आश्रम में भंडारी का कार्य करता था। बताया गया कि उसने आश्रम में अपने कमरे में फांसी लगाकर अपनी जान दे दी। घटना की सूचना मिलने पर पुलिस ने मौके पर पहुंच कर शव को नीचे उतरवाया और आवश्यक कानूनी कार्रवाई शुरू की।

पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण करने के साथ ही शव का पंचनामा भरने की कार्रवाई की। इसके बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजने की प्रक्रिया शुरू की गई। पुलिस आत्महत्या के कारणों का पता लगाने में जुटी है। फिलहाल यह स्पष्ट नहीं हो सका है कि मृतक ने यह कदम किन परिस्थितियों में उठाया।

पुलिस ने आश्रम से जुड़े लोगों और अन्य संबंधित व्यक्तियों से घटना के संबंध में जानकारी जुटानी शुरू कर दी है। अधिकारियों का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट तथा पुलिस जांच के बाद ही मौत के कारणों की स्थिति स्पष्ट हो सकेगी। घटना के बाद आश्रम परिसर में शोक का माहौल बना हुआ है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *