देहरादून। बुधवार की सुबह प्रसिद्ध मणिमाई मंदिर के निकट एक हादसे में एक व्यक्ति की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दो लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। जिन्हें इलाज के लिए नजदीकी हॉस्पिटल में भर्ती किया गया है।
वहीं पुलिस ने मृतक के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। वहीं पुलिस घटना की पड़ताल में जुट गई है। फिल्हाल मृतक की पहचान के प्रयास किए जा रहे है।
मिली जानकारी के अनुसार मणिमाई मंदिर के समीप बुधवार एक चलते पिकअप वाहन का अचानक पिछला पहिया निकल गया। इससे अनियंत्रित होकर पिकअप वाहन डिवाइडर पर चढ़ गया, तभी पीछे से तेज रफ्तार में आ रही इको कार सीधे पिकअप में जा घुसी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि इको के परखच्चे उड़ गए।
हादसे में इको वाहन में आगे बैठे एक व्यक्ति की मौके पर ही मौत हो गई। इको में सवार अन्य दो लोग गंभीर रूप से घायल हैं, जिन्हें पुलिस ने 108 की मदद से दून अस्पताल भेजा, जहां दोनों की हालत नाजुक बताई जा रही है।
हादसे के बाद हरिद्वार-देहरादून हाईवे पर टोल के निकट भीषण जाम लग गया। करीब 1 घंटे तक यातायात बाधित रहा. सूचना पर पहुंची पुलिस ने क्रेन की मदद से वाहनों को हटवाकर जाम खुलवाया।
पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। हादसे के बाद पिकअप चालक मौके से फरार है। पुलिस ने मामला में मुकदमा दर्ज कर जांच तेज कर दी है।
