विधानसभा के बर्खास्त कर्मियों की ज्वाइनिंग दीपावली बाद

न्यूज़ सुनें

देहरादून। उत्तराखंड विधानसभा से बर्खास्त कर्मचारियों की दीपावली के बाद पुन: तैनाती होगी। अब तक करीब सौ से अधिक कर्मचारी विधानसभा सचिवालय के निर्देशानुसार शपथ पत्र जमा कर चुके हैं। प्राप्त जानकारी के अनुसार उत्तराखंड हाईकोर्ट के द्वारा बर्खास्तगी के आदेश पर रोक लगा दी गयी है और विधानसभा सचिवालय से चार हफ्ते में जवाब मांगा गया है।

इस आदेश के बाद कार्मिकों ने जब विधानसभा में ज्वाइनिंग देनी चाही तो कार्मिकों को एक शपथ पत्र भरकर देने को कहा गया। अब तक करीब 100 से अधिक कर्मचारी ज्वाइनिंग के लिए शपथपत्र दे चुके हैं। बताया जा रहा है कि शपथ पत्र देने वाले कर्मचारियों को दीपावली के बाद दोबारा ज्वाइन कराया जाएगा। उल्लेखनीय है कि विधानसभा भर्तियों पर विशेषज्ञ समिति की जांच रिपोर्ट के आधार पर 23 सितंबर को वर्तमान विधानसभा अध्यक्ष ऋतु खंडूड़ी ने वर्ष 2016 से 2022 के बीच हुई 228 भर्तियों को रद्द करने का निर्णय लिया था।

खंडूड़ी ने समिति की रिपोर्ट को आधार बनाते हुए कहा था कि ये सभी नियुक्तियां पूरी तरह नियम विपरीत हुई हैं, ऐसे में उन्होंने स्वयं इन नियुक्तियों को निरस्त करने का निर्णय लिया था। इसके बाद इन कार्मिकों को बर्खास्तगी के आदेश थमा दिये गये थे। इसके बाद बर्खास्त कर्मचारी हाईकोर्ट गए और कोर्ट से उन्हें फिलहाल स्टे मिला हुआ है। अब देखना यह है कि विधानसभा सचिवालय की ओर से चार सप्ताह में दिया जाने वाला जवाब क्या होता है और सचिवालय के जवाब के बाद कोर्ट इन भर्तियों को लेकर क्या निर्णय लेता है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *