हीरा बा के निधन पर राज्यपाल व मुख्यमंत्री ने जताया गहरा शोक

न्यूज़ सुनें

देहरादून। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की माता हीरा बा के निधन पर प्रदेशभर से शोक संवेदनाएं व्यक्त की गयी हैं। राज्यपाल, ले. जन. गुरमीत सिंह, सीएम पुष्कर सिंह धामी, भाजपा अध्यक्ष महेन्द्र भट्ट, पूर्व सीएम त्रिवेंद्र सिंह रावत व काबीना मंत्री सतपाल महाराज सहित कई अन्य ने हीरा बा को श्रद्धांजलि दी है।
राज्यपाल लेफ्टिनेंट जनरल गुरमीत सिंह (से नि) ने प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की माता के निधन पर गहरा शोक व्यक्त किया है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री की पूज्य माताजी हीराबेन के स्वर्गवास की सूचना अत्यंत दु:खद है। उनकी सरल तथा ममतामय छवि सदैव स्मरण में रहेगी। राज्यपाल ने दिवंगत आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना करते हुए शोक संतप्त परिजनों के प्रति गहरी संवेदना व्यक्त की है।
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने मोदी की हीरा बा के निधन पर शोक व्यक्त करते हुए बाबा केदार से प्रधानमंत्री व उनके समस्त परिवारजनों को यह असीम कष्ट सहन करने की शक्ति व दिव्यात्मा को अपने श्रीचरणों में स्थान प्रदान करने की कामना की है।
भाजपा अध्यक्ष महेन्द्र भट्ट ने कहा है कि प्रधानमन्त्री की माता का देहान्त काफी दुखद है। देश के प्रधानमन्त्री की वे प्रेरणाश्रोत थी, उनके द्वारा दिए गए संस्कार मोदी का मार्गदर्शन किया करते थे। भगवान उनको अपने चरणों में स्थान दें,तथा परिवार को दु:ख सहन करने की शक्ती प्रदान करें।
हीरा बा के निधन पर शोक व्यक्त करते हुए पूर्व सीएम त्रिवेंद्र सिंह रावत ने बाबा केदार व भगवान बदरी विशाल से प्रधानमंत्री व उनके परिवारजनों को यह असीम कष्ट सहन करने की शक्ति देने व हीरा बा को अपने श्रीचरणों में स्थान प्रदान करने की प्रार्थना की है। उन्होंने कहा कि एक मां का निधन किसी भी व्यक्ति के लिए ऐसा कष्टदायक है, जिसकी भरपायी असंभव है।
काबीना मंत्री सतपाल महाराज ने कहा है कि हीरा बा का निधन अपूर्णीय क्षति है, उन्होंने देश को एक ऐसा संस्कारित बेटा दिया, जिसने देश का नाम पूरे वि में ऊंचा कर दिया। महाराज ने उनके निधन पर गहरा दुख व्यक्त किया है। काबीना मंत्री डा. धन सिंह रावत ने भी हीरा बा के निधन पर गहरा दुख व्यक्त किया है। डा. रावत ने उन्हें भावपूर्ण तरीके से याद किया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *