मां-बेटी की हत्या, शव मिले

न्यूज़ सुनें

बागेर। दोहरे हत्याकांड से कत्यूर घाटी दहल उठी। पहले मां और फिर बेटी का शव मिलने से क्षेत्र में हड़कंप मच गया। इस घटना से लोग दहशत में हैं। पुलिस ने दोनों शव बरामद कर लिए हैं। समाचार लिखे जाने तक पुलिस ने शव कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए जिला मुख्यालय भेज दिए हैं।

सोमवार की दोपहर में ग्रामीणों को पिंगलों के हैगाड़ गधेरे में एक शव दिखा। ग्रामीणों ने तत्काल इसकी सूचना बैजनाथ पुलिस को दी। सूचना मिलते ही बैजनाथ के थानाध्यक्ष कैलाश सिंह बिष्ट दलबल के साथ मौके पर पहुंचे और शव को कब्जे में लिया। ग्रामीणों के अनुसार महिला के पेट में चाकू मारने और पत्थरों से चेहरे को कुचलने के निशान हैं। अज्ञात महिला का शव बरामद होने के कुछ घण्टों के बाद ही एक बच्ची का शव भी ग्रामीणों ने देखा और पुलिस को सूचना दी।

थानाध्यक्ष बिष्ट ने बताया कि जिस स्थान पर अज्ञात महिला का शव मिला, उस स्थान से दो-तीन खेत ऊपर एक बच्ची का शव भी बरामद किया गया। थानाध्यक्ष ने बताया कि अज्ञात दोनों शव मां-बेटी के भी हो सकते हैं। जांच के बाद ही सही पता चल पाएगा। दोनों शवों की शिनाख्त की जा रही है। पुलिस खोजबीन में जुट गई है। पुलिस ने मौके से एक चाकू भी बरामद किया। पुलिस अब तेजी से जांच में जुट गई है। थानाध्यक्ष बिष्ट ने बताया कि शीघ्र ही महिला और बच्ची की शिनाख्त और उनके हत्यारों का पता चल जाएगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *