बेटी की शादी का सामान लेकर आ रहा वाहन दुर्घटनाग्रस्त, पिता सहित 7 घायल, 1 की मौत

न्यूज़ सुनें

कल है शादी, आज महिला संगीत
नैनीताल। नैनीताल जनपद के धारी विकासखंड के पलड़ा में बीती रात एक बड़ी दुर्घटना हुई है। इस दुर्घटना में एक पिकअप अनियंत्रित होकर खाई में गिर गई। दुर्घटना में पिकअप में सवार एक युवक की मौत हो गई और सात लोग घायल हो गए। इनमें से चार गंभीर घायलों को हल्द्वानी के डॉ। सुशीला तिवारी राजकीय चिकित्सालय भेजा गया है।

स्थानीय लोगों से प्राप्त जानकारी के अनुसार पिकअप में सवार लोग हल्द्वानी से शादी का सामान लेकर हरीनगर सरना जा रहे थे। रात्रि करीब आठ बजे पिकअप अपने गंतव्य गांव से करीब एक किलोमीटर पहले पलड़ा के पास अनियंत्रित होकर करीब 100 फिट गहरी खाई में गिर गयी।

स्थानीय लोगों ने पुलिस को घटना की सूचना दी। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर खोज एवं बचाव अभियान चलाया। काफी मशक्कत के बाद करीब डेढ़ घंटे में सभी आठ लोगों को करीब 100 फीट खाई से निकालकर सड़क तक पहुंचाया। यहां से ग्रामीणों ने निजी वाहनों से आठ घायलों को पदमपुरी स्थित सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया जहां चिकित्सक डॉ।

सुष्मित ह्यांकी ने एक घायल 52 वर्षीय दीवान राम निवासी लमगड़ा अल्मोड़ा को मृत घोषित कर दिया। जबकि चार गंभीर घायलों- गिरीश चंद्र, जगदीश चंद्र, संतोष कुमार व दीपक कुमार को हल्द्वानी के डॉ। सुशीला तिवारी राजकीय चिकित्सालय भेजा गया। इनमें से दो की हालत चिंताजनक बतायी गयी है। अरविंद, सुंदर कुमार, हरीश चंद्र को मामूली चोटें आयी थीं।

घायलों के अनुसार कच्ची और संकरी सड़क के कारण संतुलन बिगड़ने से दुर्घटना हुई। स्थानीय लोगों पुलिस और एबुलेंस के सूचना देने के बावजूद समय से नहीं पहुंचने का आरोप भी लगाया। इस कारण घायलों को निजी वाहनों से अस्पताल पहुंचाया गया। हालांकि पुलिस ने देरी से पहुचंने के आरोपों को गलत बताया है। ग्रामीण मार्ग पर स्ट्रीट लाइट या रोशनी नहीं होने से भी परेशान हैं। इस कारण भी बचाव अभियान में समस्या आयी।

जगदीश की बेटी की कल आनी है बरात
बताया गया है कि दुर्घटना में गंभीर रूप से घायल जगदीश चंद्र की बेटी मनीषा की 13 मार्च को शादी और आज 12 मार्च को घर में महिला संगीत का कार्यक्रम तय है। जगदीश सहित अन्य लोग हल्द्वानी से बेटी की शादी का सामान लेकर हरीनगर सरना जा रहे थे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *