आतंकी हमले में शहीद हुए उत्तराखंड के पांच जवान

न्यूज़ सुनें
जम्मू-कश्मीर के कठुआ जिले में आतंकवादियों ने घात लगाकर सेना के वाहन पर किया था हमला
सीएम पुष्कर सिंह धामी व सैनिक कल्याण मंत्री ने जवानों की शहादत पर जताया दुख
सैन्य सम्मान के साथ आज अपने-अपने पैतृक गांव में होगी शहीदों की अंत्येष्टि
देहरादून। जम्मू-कश्मीर के कठुआ जिले के माछेड़ी इलाके में गत दिवस हुए आतंकी हमले में भारतीय सेना की 22वीं गढ़वाल राइफल्स के पांच जवान शहीद हो गए हैं, जबकि पांच अन्य जवान घायल हुए हैं। आतंकवादियों ने घात लगाकर सेना के वाहन पर ग्रेनेड हमला किया था। शहीद हुए सभी जवान उत्तराखंड के निवासी थे। इन जवानों की शहादत से समूची देवभूमि गमगीन है। प्रदेश के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी और सैनिक कल्याण मंत्री गणोश जोशी ने पांचों जवानों की शहादत पर गहरा दुख जताया है। साथ ही आंतकी हमले में घायल हुए जवानों के शीघ्र स्वस्थ्य होने की कामना की है।सेना के आधिकारिक सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार कठुआ में हुए आतंकवादी हमले में सर्वोच्च बलिदान देने वाले 22वीं गढ़वाल राइफल्स के पांचों जवान उत्तराखंड के हैं। इनमें नायब सुबेदार आनंद सिंह रावत मूलरूप से रुद्रप्रयाग जिले के कांडाखाल गांव के निवासी थे। उनका परिवार वर्तमान में देहरादून के गुजरोंवाली के कृष्णा विहार-शिवलोक कालोनी में रहता है। जबकि बड़े भाई व मां गांव में ही रहते हैं। वह छह महीने पहले ही छुट्टी काटकर वापस अपनी यूनिट में गए थे।

इसके अलावा हवलदार कमल सिंह पौड़ी जिले के लैंसडाउन क्षेत्र के नोदानू गांव के निवासी थे। जबकि नायक विनोद सिंह भंडारी मूलरूप से टिहरी गढ़वाल के जाखणीधार क्षेत्र के अंतर्गत चौंड जसपुर गांव के निवासी थे। वर्तमान में उनका परिवार भानियावाला (अठ्ठूरवाला) में निवास करता है। वह तीन बहनों के इकलौते भाई थे। डेढ़ महीने पहले ही वह छुट्टी काटकर वापस यूनिट में लौटे थे। वह अपने पीछे पिता वीर सिंह भंडारी, मां नीमा देवी, पत्नी शशि भंडारी के साथ एक बेटा व एक बेटी को छोड़ गए हैं।

इसके अलावा आतंकी हमले में शहीद होने वाले 26 वर्षीय राइफलमैन आदर्श नेगी भी टिहरी गढ़वाल के थाती डागर गांव के निवासी थे। वह वर्ष 2018 में भर्ती हुए थे। उनके पिता दलबीर सिंह नेगी गांव में ही खेतीबाड़ी करते हैं। तीन भाई-बहनों में आदर्श सबसे छोटे थे। पौड़ी गढ़वाल के रिखणीखाल क्षेत्र के डोबरिया गांव निवासी राइफलमैन अनुज नेगी भी इस आतंकी हमले में शहीद हुए हैं। जवानों की शहादत की खबर मिलते ही उनके परिवार में कोहराम मच गया। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। परिजनों को ढांढस बंधाने के लिए उनके नाते-रिश्तेदार पहुंच रहे हैं।

पांच जवान घायल, एमएच में इलाज
जम्मू-कश्मीर के कठुआ जिले में हुए आतंकवादी हमले में 22वीं गढ़वाल राइफल्स के पांच जवान भी गंभीर रूप से घायल हुए हैं। इनमें हवलदार सुजान राम, हवलदार अरविंद सिंह, सागर सिंह, गगनदीप सिंह व कार्तिक शामिल हैं। घायल जवानों का इलाज पठानकोट स्थित मिलिट्री अस्पताल में चल रहा है। घायल हवलदार सुजान राम मूलरूप से चमोली जिले के थराली विकासखंड के रतगांव के निवासी हैं। वर्तमान में उनका परिवार बरेली में रहता है, जबकि माता-पिता व दो भाई गांव में ही रहते हैं। देश-प्रदेश के लोग घायल जवानों के शीघ्र स्वस्थ्य होने की कामना कर रहे हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *