आक्रोशः महिला कांग्रेस ने फूंका भाजपा सरकार का पुतला

न्यूज़ सुनें

देहरादून। रुद्रपुर नर्स रेप-हत्या मामले पर मंगलवार को उत्तराखंड कांग्रेस महिला मोर्चा ने अध्यक्ष ज्योति रौतेला के नेतृत्व में रुद्रपुर में एसएसपी कार्यालय को घेरने की कोशिश की लेकिन पुलिस ने बैरिकेडिंग लगाकर महिला कार्यकर्ताओं को पहले ही रोक दिया।

इस दौरान पुलिस कर्मियों और महिला कार्यकर्ताओं के बीच जमकर धक्कामुक्की हुई। जिसमें कुछ पुलिस कर्मियों ने ज्योति रौतेला के साथ बदसलूकी की। इसका वीडियो भी सामने आया है। इसके बाद अब महिला कांग्रेस ने इस बदसलूकी के खिलाफ प्रदर्शन शुरू कर दिया है।

बुधवार को देहरादून के एश्ले हॉल  पर कांग्रेस महिला मोर्चा की कार्यकर्ताओं ने इकट्ठा होकर नारेबाजी करते हुए भाजपा सरकार का पुतला दहन किया। महिला कांग्रेस की प्रदेश उपाध्यक्ष आशा मनोरमा डोबरियाल शर्मा ने पुलिसकर्मियों द्वारा ज्योति रौतेला पर किए गए बर्ताव की तीखी शब्दों में निंदा की है।

उन्होंने कहा कि महिलाओं के हक की आवाज उठा रही ज्योति रौतेला के साथ पुलिस कर्मियों ने अमानवीय बर्ताव किया। इससे वह काफी चोटिल हो गई हैं और दिल्ली में अपना मेडिकल चेकअप करा रही हैं।  उन्होंने कहा कि एक ऐसी महिला के ऊपर पुलिस ने लाठियां भांजी, जिसने महिलाओं की सुरक्षा के लिए अपने बाल तक मुंडवा दिए थे।

उन्होंने तत्काल दोषी पुलिसकर्मियों को निलंबित करने की मांग उठाई है। महानगर महिला कांग्रेस अध्यक्ष उर्मिला थापा ने ज्योति रौतेला के साथ बर्बर बर्ताव करने वाले पुलिसकर्मियों पर एक्शन लिए जाने की मांग करते हुए कहा कि अगर उनकी मांगों को नहीं माना गया, तो उन्हें मुख्यमंत्री आवास घेराव करने के लिए मजबूर होना पड़ेगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *