आपदा से केदारनाथ घाटी में कोई भी लापता नहीं: धामी

न्यूज़ सुनें

अभी तक बारह हजार लोगों को गंतव्य तक पहुंचाया,लगभग 15 लोगों हुए हैं हताहत
आपदा एवं राहत कायरे के लिए पीएम, गृहमंत्री और परिवहन मंत्री का भरपूर सहयोग
मौसम ठीक होते ही सभी लोगों को पहुंचा दिया जाएगा गंतव्य तक
हल्द्वानी। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि अभी तक चारधाम यात्रा मार्ग से बारह हजार से ज्यादा लोगों को सुरक्षित स्थानों में लाया जा चुका है। उन्होंने कहा कि इस बार की केदारनाथ आपदा में करीब पंद्रह लोगों के मरने की सूचना है। अभी सभी जगहों से सूचनाएं एकत्र की जा रही हैं। कुछेक लोगों के लापता होने की भी जानकारी है। राहत एवं बचाव दल तेजी से काम कर रहा है। यदि मौसम ने साथ दिया तो रविवार तक केदारनाथ क्षेत्र से सभी लोगों को गंतव्य तक भेज दिया जाएगा। उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार भरपूर मदद कर रही है।

यह जानकारी श्री धामी ने शनिवार देर सांय यहां सर्किट हाउस में कार्यकर्ताओं के साथ बैठक के बाद मीडिया के सवालों के जवाब में दी। उन्होंने कहा कि भाजपा कार्यकर्ता आधार की पार्टी है। कार्यकर्ताओं के आधार पर ही सरकार और संगठन काम कर रहा है। उन्होंने कहा कि तीन दिन पहले भारी वारिश के कारण रुद्रप्रयाग, टिहरी और देहरादून में काफी नुकसान हुआ है।

 इस नुकसान को ठीक करने के लिए प्रधानमंत्री, केंद्रीय गृहमंत्री और परिवहन मंत्री का भरपूर सहयोग मिल रहा है। सेना के अत्याधुनिक हेलीकाप्टरों को राहत और बचाव के काम में लगाया गया है। अभी तक बारह हजार लोगों को सुरक्षित स्थानों में पहुंचा दिया है। अन्य लोग भी सुरक्षित हैं। कोई फंसा नहीं है।

उन्होंने कहा कि इस बार की आपदा में अभी तक करीब पंद्रह लोगों के जान गंवाने की सूचना है। इसमें हरिद्वार, देहरादून और टिहरी के लोग हताहत हुए हैं। उन्होंने कहा कि इस आपदा से सबसे ज्यादा नुकसान केदारनाथ घाटी के साथ ही अन्य स्थानों में भी किया है। अभी जानकारी आ रही हैं। हां यह कहा जा सकता है कि अभी तक की सूचनाओं के आधार पर कोई लापता नहीं है।

मौसम ठीक होते ही सभी लोगों को गंतव्य तक पहुंचा दिया जाएगा। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार और जिला प्रशासन सभी बुनियादी व्यवस्थाओं को ठीक करने में लगा है। सरकार जल्दी से चारधाम मार्ग की सभी सेवाओं को बहाल करना चाहती है। इस दिशा में तेजी से काम हो रहा है।

उन्होंने दोहराते हुए कहा कि अभी तक कोई लापता नहीं है। उन्होंने हताहत हुए लोगों की आत्मा की शांति के लिए भी प्रार्थना की। उन्होंने एक अन्य सवाल के जवाब में कहा कि राज्य सरकार शहरों का विकास करने के लिए सबसे बढ़िया योजना तैयार कर रही है। सबसे बेहतरीन योजना को ही लागू किया जाएगा। इससे पहले हल्द्वानी पहुंचने पर सीएम का कार्यकर्ताओं ने जोरदार स्वागत किया। इसके बाद सीएम ने  सर्किट हाउस परिसर में पौधारोपण किया। इसके तुरंत बाद पार्टी पदाधिकारी और कार्यकर्ताओं के साथ बैठक की।

बैठक में नैनीताल के कुछ अधिकारियों के व्यवहार से  कार्यकर्ता नाराज दिखे। कार्यकर्ताओं ने अधिकारियों पर कायरें को लटकाने का आरोप लगाया और आपदा कायरें में भी सरकारी मशीनरी पर लेटलतीफी के आरापे जड़े। इस मौके पर सीएम ने कहा कि अधिकारियों को कामों में तेजी लाने के लिए कहा गया है। लापरवाह अधिकारियों को नहीं बख्शा जाएगा। इस मौके पर भाजपा जिलाध्यक्ष समेत कई विधायक एवं नेता मौजूद थे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *