उत्तरकाशी। भटवाड़ी विकासखंड के अंतर्गत बयाणा गांव में पति ने पत्नी से मारपीट कर उसे मौत के घाट उतार दिया। घटना की जानकारी मिलते ही महिला के परिजनों ने मनेरी थाना आकर आरोपी पति के खिलाफ तहरीर दी। जिसके बाद पुलिस ने आरोपी के खिलाफ हत्या की धाराओं में मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। आरोपी को पकड़ने के लिए पुलिस गांव में पहुंची है। इस घटना से इलाके में सनसनी का माहौल है।
जानकारी के अनुसार शुक्रवार शाम को मृतका के पिता चतर सिंह पंवार ने मनेरी थाने आकर तहरीर दी कि बयाणा गांव निवासी विष्णु चौहान ने अपनी 28 वर्षीय पत्नी वष्रा से मारपीट कर उसकी हत्या कर दी। उन्होंने आरोपी के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर शीघ्र उसे गिरफ्तार करने की मांग रखी। जिसके बाद पुलिस मौके पर गई और आरोपी को गिरफ्तार कर थाने ला रही है।
बताया जा रहा है कि आरोपी विष्णु नशे का आदि है और अक्सर अपनी पत्नी से मारपीट करता था। शुक्रवार को पत्नी बेहोशी की हालत में बाथरूम में मिली पड़ी। परिजनों ने टटोल कर देखा तो उसकी मौत हो चुकी थी।
महिला का शव पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल लाया गया है। मारपीट में महिला के सिर पर ज्यादा चोटें बताई जा रही है। मनेरी थाना इंचार्ज मनोज असवाल ने बताया कि आरोपी के खिलाफ महिला के पिता की तहरीर पर हत्या का मुकदमा दर्ज कर गिरफ्तारी की जा रही है।