भालू के हमले से फारेस्टर सहित तीन घायल

नई टिहरी। विकासखंड चंबा के चंबा-धरासू मोटर मार्ग पर सुल्याधार के नीचे थापली तोक में खूंखार हो चुके भालू की गतिविधियों को देखने के लिए ग्राम प्रधान बेरगणी युद्धवीर सिंह रावत, फारेस्टर अजयपाल पंवार, विनोद सिंह रावत आदि ग्रामीण पहुंचे तो वहां पहले से मौजूद भालू ने उन पर हमला कर दिया।

तीनों व्यक्ति काफी देर तक भालू से लड़ते रहे और अंत में उसे दूर भगाने में कामयाब हुए, लेकिन इस दौरान तीनों घायल भी हो गए।
भालू ने उनके शरीर पर अपने नाखूनों से जख्म बना दिए। उसके बाद अन्य ग्रामीण भी वहां पहुंचे और कण्डी व कंधों के सहारे उन्हें सड़क तक लाए।

बता दें कि कुछ दिनों पूर्व इसी जगह पर सुल्याधार निवासी एक महिला को इसी भालू ने हमला कर गंभीर रूप से घायल कर दिया था, जिसका एम्स ऋषिकेश में उपचार चल रहा है।

भाजपा मंडल अध्यक्ष व पूर्व प्रधान ऋषि राम भट्ट ने बताया कि उक्त भालू बहुत खूंखार हो चुका है।वन विभाग के डीएफओ टिहरी पुनीत तोमर को खतरे से अवगत कराया गया था, लेकिन उन्होंने बिना हथियारों के केवल लाठी डंडों के सहारे विभाग के कुछ लोगों को लोगों को मौके पर भेजा।

उन्होंने कहा कि आज जो घटना हुई उसके लिए डीएफओ जिम्मेदार है।जिला पंचायत सदस्य शीशपाल सिंह राणा, भाजपा नेता भगवान सिंह राणा, राजेंद्र सिंह नेगी, दिनेश भंडारी आदि क्षेत्र के लोगों ने घायलों की मदद की और वन विभाग के खिलाफ रोष प्रकट कर कहा कि आखिर कब तक ऐसा होता रहेगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *