भाजपा सरकार कर रही अंकिता हत्याकांड में शामिल वीआईपी को बचाने का कार्य : गोदियाल

कांग्रेस लड़ रही है महिलाओं के सम्मान की लड़ाईकांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष ने रुद्रप्रयाग में की पत्रकार वार्ता
रुद्रप्रयाग। कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष गणोश गोदियाल ने कहा कि अंकिता भंडारी हत्याकांड में शामिल वीआईपी को भाजपा बचाने का कार्य कर रही है, लेकिन कांग्रेस चुप नहीं रहने वाली। जब तक इसमें सीबीआई जांच नहीं होती है और वीआईपी का नाम उजागर नहीं होता है, तब तक यह लड़ाई जारी रहेगी।

रुद्रप्रयाग में न्याय बचाओ यात्रा के दौरान पत्रकार वार्ता करते हुये कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष गोदियाल ने कहा कि प्रदेश में महिलाओं का जीना मुश्किल हो गया है। बीजेपी गुंडाराज चला रही है, इसलिये कांग्रेस महिलओं की सुरक्षा के लिये लड़ाई लड़ रही है। भाजपा के राज में आज महिलाओं का बाहर निकलना मुश्किल हो गया है। भाजपा दोषियों को बचाने का कार्य कर रही है।

उन्होंने कहा कि भाजपा वीआईपी के खिलाफ कार्यवाही करने के बजाय कांग्रेस का पुतला दहन कर रही है और इसका खामियाजा भी भाजपा को ही भुगतना पड़ रहा है। पुतला दहन करने से पहले भाजपा को दोषियों के खिलाफ कार्यवाही करनी चाहिये।

गोदियाल ने कहा कि अंकिता भंडारी हत्याकांड और आगामी समय में होने वाले चुनाव का आपस में कोई लेना-देना नहीं है।

जिस दिन अंकिता भंडारी की हत्या हुई थी, उस दिन से ही कांग्रेस इसमें शामिल सभी लोगों के खिलाफ कार्यवाही करने की मांग कर रही है। आज स्थिति यह है कि भाजपा के पदाधिकारी ही भाजपा से इस्तीफा देकर मामले में सीबीआई जांच कराने की मांग कर रहे हैं।

इस मौके पर कांग्रेस जिलाध्यक्ष कुलदीप सिंह कंडारी, पूर्व प्रमुख प्रदीप थपलियाल, पूर्व जिला पंचायत सदस्य नरेन्द्र सिंह बिष्ट, वीरेन्द्र सिंह बुटोला, नगर पंचायत अगस्त्यमुनि अध्यक्ष राजेन्द्र गोस्वामी, हरीश गुसाईं, अजरुन सिंह गहरवार सहित अन्य मौजूद थे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *