स्यानाचट्टी में प्रभावितों से मिले सीएम धामी, मदद का दिया भरोसा

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने स्यानाचट्टी में आपदा प्रभावित क्षेत्र का किया स्थलीय निरीक्षण
स्यानाचट्टी में बनी अस्थाई झील को खोलने के लिए चल रहे कार्यों का भी लिया जायजा
बड़कोट। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी बुधवार को आपदा प्रभावित क्षेत्र स्यानाचट्टी का स्थलीय निरीक्षण करने पहुंचे। इस दौरान उन्होंने आपदा प्रभावित लोगों से मुलाकात की और उनकी समस्याएं सुनीं। उन्होंने कहा कि सरकार प्रभावितों की हर संभव मदद के लिए खड़ी है।

उन्होंने यमुनोत्री हाईवे पर आवाजाही बाधित होने के कारण प्रभावित क्षेत्र के काश्तकारों को आलू की फसल का समर्थन मूल्य दिए जाने की बात कही। साथ ही यमुना नदी में जमा हुई गाद को हटाने और झील के मुहाने को चौड़ा करके त्वरित जल निकासी बढ़ाने के निर्देश दिए।

बुधवार को मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी दोपहर 12 बजे बड़कोट हेलीपैड उतरे। जहां कार से आपदा प्रभावित क्षेत्र स्यानाचट्टी में नुकसान का जायजा लेने पहुंचे। स्यानाचट्टी पहुंचने पर सीएम धामी ने गढ़गाड़ गदेरे से आ रहे मलबे से यमुना का प्रवाह अवरुद्ध होने के कारण बनी अस्थाई झील का निरीक्षण किया।

उन्होंने कहा कि यमुना नदी में जमा हुई गाद को हटाएं और झील के मुहाने को चौड़ा करके त्वरित जल निकासी करें। मुख्यमंत्री ने जिलाधिकारी को जल भराव और मलबा आने से स्थानीय लोगों का हुए नुकसान का तत्काल आकलन कर रिपोर्ट प्रस्तुत करने तथा आवाजाही बाधित होने के कारण आलू की फसल का न्यूनतम समर्थन मूल्य घोषित करने के निर्देश दिए।

वहीं  कुपड़ा कुंशाला पुल का स्थलीय निरीक्षण कर जल्द से जल्द कार्यदायी संस्था नामित कर निर्माण कार्य शुरू करने और आवाजाही बहाल होने तक वैकल्पिक पैदल मार्ग को व्यवस्थित करने के निर्देश दिए।

उन्होंने कहा कि जगह-जगह भूस्खलन से अवरुद्ध मार्ग को बहाल किया जाए और यमुनोत्री मार्ग को सुचारू कर यात्रा के लिए जल्द खोला जाए। उन्होंने इस दौरान आपदा प्रभावितों से मुलाकात की और कहा कि संकट की इस घड़ी में सरकार हर पीड़ित परिवार के साथ है तथा प्रभावित लोगों को हुए नुकसान का आकलन कर जल्द से जल्द हर संभव सहायता उपलब्ध कराई जाएगी।

इस मौके पर पुरोला विधायक दुग्रेर लाल, यमुनोत्री विधायक संजय डोभाल, जिलाध्यक्ष बीजेपी नागेंद्र चौहान, जिला पंचायत अध्यक्ष रमेश चौहान, प्रदेश मीडिया प्रभारी मनवीर चौहान, गढ़वाल समन्वयक किशोर भट्ट, जिलाधिकारी प्रशांत आर्य, पुलिस अधीक्षक सरिता डोभाल, कमांडेंट एसडीआरएफ अर्पण यदुवंशी, एडीएम मुक्ता मिश्र, एसडीएम बृजेश तिवारी, पुलिस उपाधीक्षक देवेंद्र सिंह नेगी एवं जनक सिंह पंवार उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *