केमिकल कंपनी के मैनेजर को मारी गोली

हरिद्वार। धर्मनगरी में  एक केमिकल कंपनी के मैनेजर पर अज्ञात हमलावर ने गोली चला दी। गोली लगने से मैनेजर गंभीर रूप से घायल हो गया। स्थानीय लोगों की मदद से उसे तुरंत रुड़की के सरकारी अस्पताल पहुंचाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उसकी गंभीर हालत को देखते हुए ऋषिकेश स्थित एम्स अस्पताल के लिए रेफर कर दिया गया है। वही सूचना मिलने पर पुलिस ने जांच शुरू कर दी है।

जानकारी के अनुसार गंगनहर कोतवाली क्षेत्र के अंबर तालाब मोहल्ला स्थित रघुनाथ प्लॉट इलाके में यह घटना उस समय हुई जब केमिकल कंपनी के मैनेजर दीपेंद्र बीती देर शाम अपनी ड्यूटी समाप्त कर घर लौट रहे थे। इसी दौरान पहले से घात लगाए बैठे अज्ञात हमलावर ने अचानक उन पर फायरिंग कर दी। गोली लगते ही दीपेंद्र गंभीर रूप से घायल होकर जमीन पर गिर पड़े, जबकि हमलावर मौके से फरार हो गया।

गोली चलने की आवाज सुनकर आसपास के लोगों में अफराकृतफरी मच गई और देखते ही देखते घटनास्थल पर लोगों की भीड़ जुट गई। स्थानीय लोगों ने तुरंत घायल दीपेंद्र को उपचार के लिए रुड़की के सरकारी अस्पताल पहुंचाया। अस्पताल में डॉक्टरों ने प्राथमिक उपचार देने के बाद उनकी हालत नाजुक देखते हुए उन्हें बेहतर इलाज के लिए एम्स ऋषिकेश रेफर कर दिया।

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस भी मौके पर पहुंच गई और पूरे क्षेत्र में जांच पड़ताल शुरू कर दी। पुलिस ने घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालनी शुरू कर दी है, ताकि हमलावर की पहचान की जा सके।

पुलिस इस हमले को पुरानी रंजिश के एंगल से भी जोड़कर जांच कर रही है। वहीं फरार आरोपी की तलाश के लिए पुलिस की टीमों को लगाया गया है। एसपी देहात शेखर चंद्र सुयाल ने बताया कि घटना की सभी पहलुओं से जांच की जा रही है। उन्होंने कहा कि आरोपी की पहचान और गिरफ्तारी के लिए पुलिस लगातार प्रयास कर रही है और जल्द ही आरोपी को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *