चार सौ पार का नारा विकास की चाबी : धामी

न्यूज़ सुनें
 विपक्षी पार्टियों पर साधा निशाना, कहा – नहीं मिल रहा कोई टिकट लेने वाला
 पिथौरागढ़। जिला मुख्यालय में भाजपा की विजय संकल्प रैली को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि पार्टी अध्यक्ष जेपी नड्डा जी के नेतृत्व में भाजपा अटक से कटक और कश्मीर से कन्याकुमारी तक अपना प्रसार व संगठन का विस्तार कर चुकी है। भाजपा के बिना भारतीय राजनीति की कल्पना नहीं की जा सकती है।

उन्होंने कहा कि नड्डा जी के सरल व्यवहार, विनम्र व्यक्तित्व से हम सभी कार्यकर्ताओं को प्रेरणा मिलती है। उन्होंने कहा लोकसभा चुनावों का शंखनाद हो चुका है।  प्रधानमंत्री मोदी और अध्यक्ष नड्डा जी ने विकसित उत्तराखंड और विकसित भारत के संकल्प को सिद्ध करने के लिए 4 जून को 400 पार पहुंचने का नारा दिया है। उन्होंने कहा ये 400 पार का नारा प्रधानमंत्री मोदी की गारंटी और विकास की चाबी है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि 400 पार का लक्ष्य विकसित भारत, दुनिया की तीसरी सबसे बड़ी आर्थिक महाशक्ति, बनाने का लक्ष्य है। उन्होंने कहा कि जनता के आशीर्वाद से अल्मोड़ा-पिथौरागढ़ लोकसभा सीट के साथ ही उत्तराखंड की पांचों सीटों पर भाजपा को प्रचंड बहुमत से विजय दिलाकर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के संकल्प को सिद्ध करने का काम होगा। उन्होंने कहा दूसरी पार्टियों दूर-दूर तक मैदान में दिखाई नहीं दे रही हैं। जनता  के आशीर्वाद से आने वाले परिणामों से विपक्ष भली भांति परिचित है। इसलिए विपक्षी पार्टियों में इस बार कोई टिकट लेने वाला भी नहीं मिल रहा है।

मुख्यमंत्री ने जनता से अपील करते हुए कहा कि प्रधानमंत्री मोदी तथा राष्ट्रीय अध्यक्ष का उत्तराखंड से विशेष नाता है। इसलिए अब हम सभी उत्तराखंड वासियों की जिम्मेदारी है कि अल्मोड़ा सीट से अजय टम्टा तथा राज्य की अन्य सभी लोकसभा सीटों से भारी मतों से भाजपा प्रत्याशियों को जीत दिलानी है।

भाजपा प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्ट ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में देश को स्वर्णिम अवसर प्राप्त हुए हैं। इसके साथ ही वि शांति और समृद्धि के लिए मोदी जी नेतृत्व जरूरी है। उत्तराखंड में सड़क कनेक्टिविटी, हवाई सेवाएं आदि जितने भी विकास के कार्य हुए हैं वे प्रधानमंत्री के नेतृत्व में हुए हैं। उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार के काम नजीर बन रहे हैं। यूसीसी का संदेश पूरे देश में गया है, जिसका श्रेय मुख्यमंत्री धामी को जाता है।

उन्होंने लोगों से राज्य की पांचों लोकसभा सीटों पर जीत की गारंटी तय करने की अपील करते हुए उत्तराखंड की जनता ने अनेक नेता दिए हैं, जिनका नाम आज भी देशभर में इज्जत से लिया जाता हैं। उन्होंने लोगों से पीएम नरेंद्र मोदी की सेना में ऐसे ही नये नायकों को भेजने की अपील जनता से की। रैली को पार्टी प्रत्याशी अजट टम्टा सहित विभिन्न नेताओं ने संबोधित किया। सभा का संचालन भाजपा प्रदेश महामंत्री राजेंद्र भंडारी ने किया।

इस दौरान भाजपा प्रदेश प्रभारी दुष्यंत गौतम, कैबिनेट मंत्री सौरभ बहुगुणा, पिथौरागढ़ भाजपा जिला अध्यक्ष गिरीश जोशी, पूर्व कैबिनेट मंत्री एवं डीडीहाट विधायक बिशन सिंह चुफाल, गंगोलीहाट विधायक फकीर राम टम्टा, कपकोट विधायक सुरेश गड़िया, प्रमोद नैनवाल, जिला पंचायत अध्यक्ष दीपिका बोहरा, दर्जामंत्री गणोश भंडारी, पूर्व विधायक पिथौरागढ़ चंद्रा पंत, नगरपालिका पिथौरगढ़ के पूर्व अध्यक्ष राजेंद्र रावत, भाजपा अलमोड़ा पिथौरागढ़ लोकसभा क्षेत्र के मीडिया प्रभारी कोमल मेहता, भाजपा जिला महामंत्री राकेश देवलाल, पूर्व जिलाध्यक्ष वीरेंद्र वल्दिया, जिला सहकारी बैंक के पूर्व अध्यक्ष मनोज सामंत, कमला चुफाल, सुनीता कन्याल, सुरेश भट्ट, रघुवीर सिंह बिष्ट, वीरेंद्र बोहरा सहित लोकसभा क्षेत्र के विभिन्न पार्टी पदाधिकारी और कार्यकर्ता व जनप्रतिनिधि मौजूद थे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *