मुख्यमंत्री धामी ने टनकपुर में हरेला क्लब के उत्तरायणी कौतिक मेले का किया उद्घाटन

न्यूज़ सुनें

अनेक विकास योजनाओं का भी किया लोकार्पण व शिलान्यास
टनकपुर। प्रदेश के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी द्वारा रविवार को टनकपुर पहुंच हरेला क्लब द्वारा प्रायोजित दो दिवसीय उत्तरायणी कौतिक मेले की विधिवत फीता काटने के साथ ही द्वीप प्रज्वलित कर शुरुआत की गई।

मेले के शुभारंभ अवसर पर जनता को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री ने उत्तरायणी पर्व की सभी को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि आज का दिन हमारे लिए विशेष महत्व रखता है। इस दिन भगवान सूर्य के उत्तरायण में आने से एक बेहतर शुरूआत होती है साथ ही जीवन में उत्साह एवं शक्ति की प्राप्ति होती है। इसी उत्साह एवं शक्ति से राज्य के विकास में हम आगे बढ़ेंगे। उन्होंने कहा कि हरेला क्लब द्वारा लगातार उत्तरायणी कौतिक का आयोजन किया जा रहा है। यह संस्था हमारी संस्कृति को आगे बढ़ाने का कार्य कर रही है। इसी प्रकार हरेला पर्व जो हमारे पर्यावरण का प्रतीक है आज पूरे राष्ट्र के वैज्ञानिक व जल संरक्षण के क्षेत्र में कार्य करने वाले लोगों द्वारा इस हरेला पर्व के महत्व को समझा गया है कि यह हमारे पर्यावरण के संरक्षण के लिए कितना महत्वपूर्ण है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी द्वारा हमारे योग को अंतरराष्ट्रीय योग की प्रसिद्धि दिलाई है।

उन्होंने कहा आज हमारे सभी धार्मिक स्थल विकास की ओर अग्रसर हैं। केदारनाथ, बद्रीनाथ का मास्टर प्लान तैयार कर कार्य प्रारंभ कर दिया गया है। स्वदेश दर्शन में चम्पावत जिले के गोरखनाथ, मां वाराही, मां पूर्णागिरि धाम आदि धार्मिक स्थानों को विकसित करने का प्रस्ताव भारत सरकार में भेजा गया है। प्रधानमंत्री के नेतृत्व में नमामि गंगे, निर्मल गंगा अभियान सहित अनेक अभियान चल रहे हैं। नमामि गंगे अभियान के अतंर्गत मां शारदा नदी को भी इसमें सम्मिलित किया गया है। इस परियोजना के अंतर्गत शारदा नदी में सम्मिलित होने वाले नदी नालों में एसटीपी लगाने का प्रस्ताव तैयार किए जाएंगे। कहा कि उत्तराखंड राज्य 2025 तक देश कि अग्रणी राज्य बनेगा।

उन्होंने कहा कि टनकपुर का हल्द्वानी की तर्ज पर चहुमुंखी विकास किया जाएगा।  इस मौके पर पालिकाध्यक्ष विपिन वर्मा, भाजपा जिलाध्यक्ष निर्मल महरा,भाजपा प्रदेश मंत्री हेमा जोशी, जिलाधिकारी नरेंद्र सिंह भंडारी, पुलिस अधीक्षक देवेंद्र पींचा, सीडीओ आरएस रावत, एसडीएम रिंकू बिष्ट,सुंदर सिंह,हरेला क्लब अध्यक्ष डीडी भट्ट, संरक्षक डा. दिनेश चंद्र पाठक, शंकर गड़कोटी, विजय चंद, धम्रेद्र चंद, महेश चंद, सुमन वर्मा, सुनीता गहतोड़ी, सहित विभिन्न जनप्रतिनिधि, नागरिक विभागों के अधिकारी आदि मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *