देहरादून। देर रात दून अस्पताल के बाहर बनी मजार को गिरा दिया गया है। यह मजार दून अस्पताल के गेट पर सरकारी भूमि पर कब्जा करके बनाई गयी थी। जांच में यह बात सामने आने के बाद ही प्रशासन ने कार्यवाही को अंजाम दिया।
प्रदेशभर में अवैध मजारों के ध्वस्तीकरण का सिलसिला जारी हैं। इसी कड़ी में देहरादून प्रशासन ने जांच के बाद दून अस्पताल के बाहर बनी मजार को देर रात बुलडोजर से गिरा दिया। यह मजार सरकारी भूमि पर अवैध कब्जा करके बनाई गयी थी। मजार के मलबे से कोई अवशेष नहीं मिले हैं।
बताया जाता है कि सीएम हेल्प लाइन पोर्टल पर ऋषिकेश के रहने वाले पंकज गुप्ता ने इस मजार की एक शिकायत दर्ज की थी। जांच के बाद इसे अवैध पाया गया। जांच के लिए नगर प्रशासन द्वारा अवैध संरचना के भूमि संबंधी दस्तावेजों की जांच करने के निर्देश दिए गए। देर रात राजस्व, नगर निगम, पीडब्ल्यूडी, दून अस्पताल प्रशासन और अन्य विभागों में इस बारे में जांच की गई।
देहरादून के जिलाधिकारी ने बताया कि इस अवैध मजार के बारे में बारीकी से जांच की गई। साथ ही दून अस्पताल प्रशासन से इस बारे में आख्या मांगी गई। इसके बाद यहां के खादिम को नोटिस जारी किया गया था। लेकिन कोई दस्तावेज ना होने से अवैध मजार को हटाया गया है। देर रात नगर निगम, लोक निर्माण विभाग, दून अस्पताल प्रशासन और जिला प्रशासन की संयुक्त टीम ने मिलकर उक्त अवैध मजार के ध्वस्तीकरण का काम पूरा किया।