शासन ने तय किया अनंतिम आरक्षण, कांग्रेस की उम्मीदों को झटका
आरक्षण के संबंध में 2 से 4 अगस्त तक आपत्तियां आमंत्रित की
पांच को होगा आपत्तियों का निस्तारण, अंतिम प्रकाशन 6 अगस्त को
देहरादून। प्रदेश में त्रिस्तरीय पंचायत चुनाव संपन्न होने के साथ ही शासन ने जिला पंचायत अध्यक्ष पद का अनंतिम आरक्षण भी निधारित कर दिया है। इसके तहत देहरादून और टिहरी जिला पंचायत का अध्यक्ष पद महिला के लिए आरक्षित कर दिया गया है। ऐसे में दून में भाजपा की निवर्तमान जिला पंचायत अध्यक्ष मधु चौहान और टिहरी में सोना सजवाण की फिर अध्यक्ष पद पर पहुंचने की राह आसान मानी जा रही है।
दून में जिला पंचायत अध्यक्ष पद महिला आरक्षित होने के साथ ही कांग्रेस की उम्मीदों को गहरा झटका पहुंचा है, क्योंकि चकराता से जीते उसके विधायक प्रीतम सिंह के पुत्र व नव निर्वाचित जिला पंचायत सदस्य अभिषेक सिंह को अध्यक्ष पद के प्रबल दावेदार के तौर पर देखा जा रहा था। अब अनंतित आरक्षण के बाद यह माना जा रहा है कि भाजपा विधायक मुन्ना सिंह चौहान की पत्नी व दो बार की जिला पंचायत अध्यक्ष मधु चौहान की बतौर अध्यक्ष तीसरी पारी भी हो सकती है।
देहरादून जिला पंचायत में सदस्य संख्या के आधार पर कांग्रेस फिलहाल भाजपा से आगे है। कांग्रेस समर्थित 12 अधिकृत प्रत्याशी जीते हैं। इसके अलावा 4 फ्री छोड़ी गई सीटों पर भी उसके प्रत्याशी जीतकर आए हैं। पछवादून क्षेत्र में कांग्रेस को बढ़त मिली है। ऐसे में अध्यक्ष पद पर कांग्रेस की राह ज्यादा आसान मानी जा रही थी।
अभिषेक सिंह यूपी के समय मंत्री रहे गुलाब सिंह परिवार की तीसरी पीढ़ी से हैं। उनके पिता प्रीतम कांग्रेस के मौजूदा विधायक हैं। प्रीतम के भाई चमन सिंह भी दो बार देहरादून जिला पंचायत के अध्यक्ष रहे हैं। जिला पंचायत अध्यक्ष पद परंपरागत रूप से पिछले कई दशकों से जौनसार-बावर क्षेत्र के हिस्से ही आता रहा है। इसी तरह टिहरी में भी फिलहाल कांग्रेस सदस्य संख्या के मामले में भाजपा से थोड़ा आगे है।
बहरहाल, शुक्रवार शाम पंचायती राज सचिव चंद्रेश यादव की ओर से जारी शासनादेश में अल्मोड़ा जिला पंचायत अध्यक्ष का पद महिला व बागेर में अनुसूचित जाति की महिला के लिए आरक्षित किया गया है। चंपावत, चमोली, नैनीताल व उत्तरकाशी के जिला पंचायत अध्यक्ष पद अनारक्षित रखे गए हैं। पौड़ी, रुद्रप्रयाग व टिहरी में यह पद महिला आरक्षित किया गया है, जबकि ऊधम सिंह नगर में पिछड़ा वर्ग और पिथौरागढ़ में अनुसूचित जाति के लिए आरक्षित रखा गया है।
शासन ने अनंतिम आरक्षण के संबंध में 2 से 4 अगस्त तक आपत्तियां आमंत्रित की हैं। 5 अगस्त को आपत्तियों का निस्तारण होगा। आरक्षण का अंतिम प्रकाशन 6 अगस्त को किया जाएगा।