जखोला मार्ग पर वाहन दुर्घटना में 12 लोगों की मौत

न्यूज़ सुनें

वाहन के छत से कूद कर चार लोगों की जान बची
जोशीमठ अस्पताल में चल रहा इलाज
चमोली। जोशीमठ ब्लाक के उर्गम-पल्ला जखोला मोटर मार्ग पर वाहन दुर्घटना में 12 लोगों के मरने की आशंका है। इस दुर्घटना में 4 लोगों ने वाहन के छत से छलांग मार कर जान बचाई। बताया जा रहा है कि 4 घायलों को जोशीमठ अस्पताल में इलाज के लिए भर्ती कर दिया गया है। इस दर्दनाक हादसे से पूरे इलाके में कोहराम मचा है।
जानकारी के अनुसार जोशीमठ से पल्ला जखोला जा रहा वाहन यकायक ढांग गदेरे के पास चट्टानी हिस्से पर अनियंत्रित होकर सैकड़ों मीटर खाई में जा गिरा। बताया जा रहा है कि वाहन में करीब 16 लोग सवार थे। इनमें कुछ लोग वाहन की छत पर भी बैठे थे। छत पर बैठे लोगों ने कूद कर जान बचा ली किंतु वाहन के अंदर बैठे सवारियों की बचने की संभावना ना के बराबर है। सूचना मिलते ही जिलाधिकारी हिमांशु खुराना, पुलिस अधीक्षक प्रमेंद्र डोबाल समेत एसडीआरएफ, एनडीआरएफ, पुलिस तथा प्रशासन की टीम घटना स्थल वाले क्षेत्र में पहुंच गई है। घटना स्थल बेहद कठिन होने के कारण इस दुर्घटना में हताहत हुए लोगों तक पहुंचना मुश्किल बना है। हालांकि एनडीआरएफ तथा एसडीआरएफ की टीम घटना स्थल तक पहुंचने के प्रयासों में जुटी है। सायं ढलने के कारण अंधेरा होने के चलते रेस्क्यू ऑपरेशन में दिक्कतें आ रही है।

बताया जा रहा है कि वाहन में करीब 16 लोग सवार थे। इनमें छत पर सवार 4 लोगों ने छलांग मार कर जान बचाई है। फिलहाल चारों घायलों को तत्काल उर्गम घाटी के ल्यारी स्वास्थ्य केंद्र में प्राथमिक उपचार के बाद जोशीमठ अस्पताल में भर्ती कर दिया गया है। वाहन के भीतर बैठे लोगों के खाई में जा गिरने से जीवित होने की कोई संभावना नहीं दिखाई दे रही है। माना जा रहा है कि करीब 12 लोग इस दुर्घटना में जान गवां गए हैं। जिला मुख्यालय गोपेर पहुंचने वाली खबरों में बताया जा रहा है कि जोशीमठ से जखोला जा रहा वाहन (यूके 07-7453) किमाणा गांव के एक व्यक्ति का था। वाहन में पल्ला, जखोला, किमाणा तथा उछोंग्वाड़ के लोग सवार थे। इस हृदय विदारक घटना से पूरे इलाके में कोहराम मच गया है। घटना स्थल के हालात बेहद डरावने हैं। इसके चलते स्थानीय लोगों की मदद से एनडीआरएफ, एसडीआरएफ तथा पुलिस की टीमें शवों को ढूंढने में जुट गई हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *