उत्तरकाशी। सोमवार सुबह यमुनोत्री हाईवे पर चामी के समीप एक पिकअप अनियंत्रित होकर खाई में गिरने के बाद यमुना नदी में समा दिया। इस हादसे में तीन लोगों की मौत हो गयी। जिन्हे रेस्क्यू कर खाई से बाहर निकाला गया। पुलिस ने मृतकों के शव का पंचनामा भरकर आगे की कार्यवाही शुरू कर दी।
मिली जानकारी के अनुसार पिकअप वाहन देहरादून जिले के विकासनगर से परचून का सामान लेकर उत्तरकाशी के मोरी जा रहा था। पिकअप वाहन यमुनोत्री हाइवे पर चामी के समीप दुर्घटनाग्रस्त हो कर यमुना में समा गया। इस सड़क हादसे में वाहन चालक सहित तीन लोगों की दुर्घटना स्थल पर ही मौत हो गई।
हादसे की सूचना के बाद घटनास्थल पर पहुंची एसडीआरएफ, नौगांव और डामटा की पुलिस ने वाहन से छिटक कर खाई में पड़े शवों को रेस्क्यू करने के बाद पोस्टमार्टम के लिए सीएचसी नौगांव भेज दिया है।
सड़क दुर्घटना सोमवार सुबह करीब सात बजे हुई। पिकअप वाहन में सवार वाहन चालक नौशाद पुत्र नूर मोहम्मद उम्र 25 वर्ष, परवीन जैन पुत्र चमन लाल उम्र 45 वर्ष, अजय शाह पुत्र बरगीनाथ उम्र 30 वर्ष की दुर्घटना स्थल पर ही मौत हो गई। तीनों मृतक जीवनगढ़ विकासनगर के रहने वाले थे।
थानाध्यक्ष पुरोला मोहन सिंह कठैत ने बताया कि-तीनों लोगों की दुर्घटनास्थल पर ही मौत हुई है। उनके परिजनों को सूचना दे दी गई है। शवों का पंचनामा कर पोस्टमार्टम के लिए सीएचसी नौगांव भेजा गया है। हादसे के कारणों की जांच की जा रही है।