पारिवारिक विवाद के चलते युवक ने शराब में मिलाकर पीया जहर,मौत

हल्द्वानी। बीती रात मुखानी थाना क्षेत्र में पारिवारिक विवाद के बाद एक युवक ने शराब में जहरीला पदार्थ मिलाकर पी लिया। उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई। पुलिस ने मृतक के शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।

पुलिस के अनुसार कुसुमखेड़ा नारायण नगर निवासी 38 वर्षीय प्रदीप आर्य पुताई का काम करता था और परिवार के साथ रहता था। बुधवार की रात मायके गई पत्नी से फोन पर उसकी बात हुई। इस दौरान फोन पर ही दोनों के बीच किसी बात को लेकर विवाद हो गया।

युवक ने उसे फोन कर वापस आने को कहा, लेकिन मना करने पर वह आक्रोशित हो गया। स्वजन के मुताबिक विवाद के बाद प्रदीप ठेके से शराब लेकर आया और उसमें जहरीला पदार्थ मिलाकर पी गया। जहरीला पदार्थ सेवन करने के कुछ ही देर बाद उसकी हालत बिगड़ने लगी और उसे उल्टियां होने लगीं।

हालत गंभीर देख स्वजन उसे तत्काल डा. सुशीला तिवारी अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। मृतक दो भाइयों में बड़ा था। उसके परिवार में एक 13 वर्षीय बेटा और पांच वर्षीय बेटी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *