पैनगढ़ में बोल्डर गिरने से दो महिलाओं समेत 4 की मौत

न्यूज़ सुनें

15 वर्षीय योगेश भी हादसे में गंभीर घायल
थराली। थराली ब्लाक के पैनगढ़ गांव में बिना बारिश के हुए भूस्खलन से मकान क्षतिग्रस्त होने से दो महिलाओं समेत 4 लोगों की दर्दनाक मौत हो गई। इस आपदा में एक 15 वर्षीय युवक अस्पताल में जीवन व मौत के बीच जूझ रहा है। घटना में 4 अन्य मकानों को भी क्षति पहुंची है।  दीपावली से पूर्व भूस्खलन से प्रभावित पैनगढ़ गांव में 4 लोगों की मौत से मातम पसर गया।

बताया जा रहा है कि शुक्रवार तड़के 1.36 बजे पैनगढ़ गांव के गदेरे पार तोक की पीछे की पहाड़ी में हुए भूस्खलन से अचानक बड़े बडे बोल्डरों के गिरने के कारण देवानंद सती का मकान ध्वस्त हो गया। इस आपदा में 57 वर्षीय देवानंद सती पुत्र मालदत, 75 वर्षीय बचुली देवी पत्नी मालदत तथा 45 वर्षीय घनानंद सती पुत्र मालदत की मौके पर ही मौत हो गई। इस घटना में 37 वर्षीय सुनीता देवी पत्नी घनानंद सती ने अस्पताल जाते वक्त रास्ते में दम तोड़ा। आपदा में घायल 15 वर्षीय योगेश पुत्र घनानंद को उपचार के लिए हायर सेंटर रेफर कर दिया गया है।

बताया जा रहा है कि किशोर की हालत नाजुक होने के चलते वह जीवन व मौत के बीच संघर्ष कर रहा है। हादसे की सूचना मिलते ही ग्रामीण राहत व बचाव कायरे में जुट गए थे। तहसील प्रशासन को भी सूचना दी गई। देर रात कानूनगो जगदीश प्रसाद गैरोला, पटवारी चंद्र सिंह बुंदेला, राजकुमार सिद्धवान तथा रीता बिष्ट व उप निरीक्षक सुमित बंधुनी समेत राजस्व तथा पुलिस की टीम राहत एवं बचाव कार्य के लिए मौके पर पहुंची। प्रशासन द्वारा एनडीआरएफ, एसडीआरएफ एवं जेसीबी मशीन से कड़ी मशक्कत के बाद देवानंद एवं घनानंद के शवों को प्रात: 8 बजे निकाला। उप जिलाधिकारी रविंद्र जुवांठा ने बताया कि भूगर्भीय सव्रेक्षण में पैनगढ़ के इस क्षेत्र को अति संवेदनशील घोषित किया गया है। ग्रामीणों की सुरक्षा के लिए अन्यत्र विस्थापन की कार्रवाई की जा रही है।

थराली विधायक भूपाल राम टम्टा ने हादसे की सूचना मिलते ही जिला प्रशासन तथा मुख्यमंत्री समेत आला अधिकारियों को दे दी गई है। कहा कि पीड़ित परिवार को तत्काल राहत के साथ ही भूस्खलन प्रभावित अन्य पीड़ितों को सुरक्षित स्थानों पर शरण देने के लिए कार्रवाई को गति दी जाएगी। इसमें अस्थाई तथा स्थाई रू प से विस्थापन पर अंतिम निर्णय लिया जाएगा। थराली की ब्लाक प्रमुख कविता नेगी, तहसीलदार प्रदीप नेगी, थराली कोतवाल बृजमोहन राणा, लोनिवि के अधिशासी अभियंता अजय काला, भाजपा मंडल अध्यक्ष रणजीत नेगी, महामंत्री गिरीश चमोला, राकेश भारद्वाज, नरेंद्र भारती, भाष्कर पांडे आदि ने घटना स्थल का दौरा किया। प्रधान जानकी देवी ने बताया कि पूर्व प्रधान दिनेश पुरोहित,क्षेत्र पंचायत सदस्य हरेंद्र बिष्ट के नेतृत्व में पूरी रात ग्रामीण राहत एवं बचाव कार्य में जुटे रहे।

आपदाग्रस्त पैनगढ़ गांव के गदेरे पार तोक की पहाड़ी पर शनिवार को दिन भर बड़े बड़े पत्थरों और बोल्डरों के गिरने का सिलसिला जारी रहने से दहशत बनी रही। प्रशासन ने भूस्खलन प्रभावित इस तोक के ग्रामीणों को सुरक्षित स्थानों पर शरण लेने की अपील की है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *