रामनगर। पुलिस विभाग से रिटायर हुए एक दरोगा का शव शनिवार सुबह हाथीडगर क्षेत्र के पास स्थित सिंचाई नहर से बरामद किया गया। शव मिलने से पूरे इलाके में हड़कंप मच गया। मौके पर पहुंची पुलिस ने शव का पंचनामा भरकर उसे पोस्टमार्टम के लिए भिजवा दिया है। मृतक की पहचान जगमोहन सिंह रावत (63 वषर्) के रूप में हुई है।
मिली जानकारी के मुताबिक मूल रूप से पौड़ी गढ़वाल के निवासी जगमोहन सिंह रावत पिछले कुछ वषोर्ं से रामनगर की विपिन विहार कलोनी चोरपानी में अपने परिवार के साथ रह रहे थे। जगमोहन सिंह रावत उत्तराखंड पुलिस में उप निरीक्षक (दरोगा) के पद से करीब तीन साल पहले सेवानिवृत्त हुए थे। अपनी पुलिस सेवा के दौरान रावत ने रामनगर कोतवाली में हेड मोहर्रिर के पद पर कार्य किया था। जिसके बाद उन्हें पदोन्नति से वह पुलिस उपनिरीक्षक बने। उन्होंने रामनगर के पुलिस क्षेत्राधिकारी कार्यालय में पेशकार के रूप में भी अपनी सेवाएं दी थी। शनिवार सुबह स्थानीय लोगों ने जगमोहन का शव जब सिंचाई नहर में देखा तो इसकी सूचना पुलिस को दी गई।
सूचना मिलते ही मौके पर पहुंची पुलिस टीम ने शव को कब्जे में लेकर शिनाख्त करवाकर उसका पंचनामा कर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। घटना की जानकारी मिलते ही मृतक के परिजनों में कोहराम मच गया है। फिलहाल मौत के कारणों का स्पष्ट पता नहीं चल पाया है। पुलिस ने मामले की गंभीरता से जांच शुरू कर दी है।
पुलिस क्षेत्राधिकारी नितिन लोहनी ने बताया मौत के कारणों की स्पष्ट जानकारी के लिए शव का पोस्टमार्टम कराया गया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। दरोगा के मौत की वजह हादसा है कुछ और, इसको लेकर जांच की जा रही है।