थराली से 35 हजार की लीड़ से जीतेंगे बलूनी:सीएम

न्यूज़ सुनें

बलूनी को चुनावी सभा में ही पहनाई विजय माला
थराली। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने भाजपा प्रत्याशी अनिल बलूनी को थराली विधान सभा क्षेत्र से 35 हजार से अधिक मतों के अंतर से जीत दर्ज कराने की अपील की है।

थराली में एसबीआई सी नासिर बाजार, लोअर मार्केट होते हुए रामलीला मैदान तक रोड़ शो के बाद भाजपा प्रत्याशी अनिल बलूनी के समर्थन में चुनावी सभा को संबोधित करते हुए सीएम धामी ने कहा कि 2022 के विधान सभा चुनाव में उन्होने थराली से ही चुनाव प्रचार का शंखनाद किया था। यह भाजपा के लिए शुभ साबित हुआ। उन्होने लोगों से भाजपा प्रत्याशी को थराली विधान सभा क्षेत्र से ही 35 हजार से अधिक मतों के अंतर से जीत दर्ज कराने का आह्वान किया।

सीएम धामी ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश में 80 करोड परिवारों को मुफ्त राशन दिया जा रहा है। प्रति दिन देश में 38 किमी सड़कों का निर्माण किया जा रहा है। पीएम ने 2022 में माणा गांव पहुंच कर देश के सीमावर्ती गांवों को देश का पहला गांव घोषित करने की बात कही। इसके अलावा 4 करोड़ परिवारों को प्रधानमंत्री आवास,11 करोड़ घरों में शुद्ध पेयजल आपूर्ति की जा रही हैं।

सीएम धामी ने अपने कार्यकाल में राज्य सरकार द्वारा किए गए कार्यों की जानकारी देते हुए कहा कि थराली विधानसभा क्षेत्र में पिछले दिनों 45 करोड़ के लोकार्पण, शिलान्यास का जिक्र करते हुए थराली विधायक भूपाल राम टम्टा लगातार क्षेत्र के विकास के लिए प्रयासरत हैं। ऐसे में क्षेत्रीय जनता को इस चुनाव में उनको और अधिक जनसमर्थन देना चाहिए।

कैबिनेट मंत्री डा धन सिंह रावत ने कहा कि अभी तक पूरे राज्य में पीएम मोदी एवं सीएम धामी की कार्यशैली को देखते हुए सदस्यता ली जा रही है। सीएम के कहने पर भाजपा प्रत्याशी बलूनी को विजय माला भी पहनाई गई। इस मौके पर गढ़वाल संसदीय क्षेत्र के प्रत्याशी अनिल बलूनी ने कहा कि विजय होने के बाद इस क्षेत्र के विकास को ऐतिहासिक कार्य करेंगे।

उन्होंने बताया कि सीएम ने दूरस्थ क्षेत्र थराली से गढ़वाल लोकसभा का पहला प्रचार कार्यक्रम शुरू  करने की बात कही। इसके चलते यहीं से चुनाव प्रचार अभियान का शंखनाद किया गया। उन्होंने प्रधानमंत्री मोदी के कार्यों की सराहना की।थराली विधायक भूपाल राम टम्टा ने सीएम के कार्यशैली की सराहना करते हुए कहा कि वे 9 हजार से अधिक वोटों से विजयी हुए हैं। उन्होंने सीएम को आस्त किया कि लोकसभा में भाजपा के प्रत्याशी को और भी अधिक मतों से विजय मिलेगी। इस दौरान कर्णप्रयाग अनिल नौटियाल ने भी भाजपा के प्रत्याशी को भारी मतों से विजयी बनाने की अपील की।

इस मौके पर भाजपा जिलाध्यक्ष रमेश मैखुरी, जिला महामंत्री राकेश जोशी, पूर्व विधायक मुन्नी देवी शाह, पूर्व जिला पंचायत अध्यक्ष आनंद सिंह रावत, पूर्व राज्य मंत्री रिपुदमन सिंह रावत,थराली प्रमुख कविता नेगी, मंडल अध्यक्ष नंदू बहुगुणा, देवाल के उमेश मिश्रा, नारायणबगड़ के नरेंद्र रावत, महिला मोर्चा जिलाध्यक्ष हिमानी वैष्णव, भावना रावत,जिपंस कृष्णा बिष्ट, देवी जोशी, कार्यालय प्रभारी रणजीत सिंह नेगी,भाजपा नेता समीर मिश्रा, महावीर रावत, देवेंद्र नेगी, कृष्णपाल गुसाईं, गंगा सिंह बिष्ट,अनिल देवराड़ी, गिरीश चमोली आदि मौजूद रहे। इस दौरान सोल विकास समिति के अध्यक्ष चरण सिंह रावत, पूर्व जिपंस सुंदर लाल समेत कई कांग्रेसी भाजपा में शामिल हुए।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *