तीर्थ यात्रियों की बस दुर्घटनाग्रस्त, 24 घायल

न्यूज़ सुनें

ब्रेक फेल होने से हुआ हादसा
श्रीनगर। चमधार-देवलगढ़ मोटर मार्ग पर तीर्थ यात्रियों की बस अनियंत्रित होकर पलट गई। बस में 29 यात्री सवार थे जिनमें से 24 यात्री घायल हुए हैं जबकि एक यात्री गंभीर रूप से घायल हो गया। घायलों में 18 महिलाए व छह पुरूष शामिल हैं। जिनका यहां बेस अस्पताल में उपचार चल रहा है। अन्य घायलों को प्राथमिक उपचार के बाद अस्पताल से छुट्टी दे दी गयी है।

दरअसल वीरवार दोपहर बद्रीनाथ धाम से दर्शन कर लौट रहे राजस्थान जयपुर के यात्रियों की बस का ऋषिकेश बद्रीनाथ राष्ट्रीय राजमार्ग पर धारी देवी मंदिर से कुछ आगे ब्रेक हो गया। जिससे बस में सवार यात्रियों में चीख पुकार मच गई।

बस का ब्रेक फेल होने के बाद चालक ने बस को मुख्य राजमार्ग से चमधार-देवलगढ़ लिंक मोटर मार्ग की तरफ मोड़ दिया ओर यहॉ 100 मीटर पर पहाड़ी से टकरा दी। जिससे बस सड़क पर ही पलट गई। वहीं हादसे में 24 यात्रियों को हल्की फुल्की चोटें आई हैं। लेकिन एक यात्री गंभीर घायल बताया जा रहा है।

बताया जा रहा है कि जो यात्री गंभीर घायल है वह पहले ही बस से कूद गया था जिस कारण उसके पांव फ्रैक्चर हो गये। वहीं चालक की सूझ-बूझ से अन्य सभी यात्रियों की जान बच गई। मौके पर पहुंची पुलिस व एसडीआरएफ के जवानों ने रेस्क्यू ऑपरेशन चलाकर सभी घायलों को बेस अस्पताल पहुॅचाया। जहां यात्रियों का उपचार चल रहा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *