यूके पुलिस के 1249 हेड कांस्टेबल बने अपर उपनिरीक्षक

न्यूज़ सुनें

3000 कांस्टेबलों की हेड कांस्टेबल पद पर एक सप्ताह में हो जायेगी पदोन्नति
देहरादून। लंबे समय से हो रही जद्दोजहद के बाद आखिरकार उत्तराखण्ड पुलिस के जवानों को खुशखबरी मिल ही गई। पुलिस मुख्यालय ने उत्तराखंड पुलिस  1249 हेड कांस्टेबलों को पदोन्नत कर अपर उपनिरीक्षक बना दिए हैं।
पुलिस महानिदेशक उत्तराखंड अशोक कुमार, ने पदोन्नत पुलिस कर्मियों को पुलिस मुख्यालय में कंधों पर सितारे पहनाये और बधाई दी। उन्होंने कहा कि पुलिस जवानों की ग्रेड-पे की समस्या का समाधान करते हुए मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने अपर उपनिरीक्षक का नया पद सृजित करते हुए 1750 पद स्वीकृत किये थे। इसके बाद विभागीय चयन समिति द्वारा प्रमोशन के लिए 1249 हेड कांस्टेबल उपयुक्त पाए गए, जिन्हें अपर उपनिरीक्षक पद पर पदोन्नति प्रदान कर दी गयी है। अपर उपनिरीक्षक पद पर पदोन्नति मिलने से पुलिस जवानों का मनोबल बढ़ा है। पुलिस महानिदेशक ने कहा कि प्रदेश में पुलिस फोर्स को अब नए विवेचक मिलने से विवेचना की गुणवत्ता में भी सुधार आएगा। साथ ही सभी कांस्टेबल कम से कम अपर उपनिरीक्षक के पद से सेवानिवृत्त होंगे।
पुलिस महानिदेशक ने बताया कि उत्तराखण्ड पुलिस की विभिन्न शाखा/इकाईयों से कुल 1249 हेड कांस्टेबल प्रमोशन पाकर अपर उपनिरीक्षक ’(नागरिक पुलिस पुरूष- 328, नागरिक पुलिस महिला- 32, अभिसूचना- 58, सशस्त्र पुलिस- 377, पीएसी- 422, एमटी- 23, आरमोरर- 07, घुड़सवार- 02)’ बने हैं। विभागीय कार्यवाही के चलते 19 कर्मियों का प्रमोशन रुका है। पदोन्नति के लिए हेड कांस्टेबल पद पर दो वर्ष की सेवा की आर्हता होने के कारण 482 हेड कांस्टेबल अपर उपनिरीक्षक के पद के लिए आर्ह नहीं हो पाए, जिस कारण यह पद रिक्त  रह गए हैं। शासन से शिथिलीकरण लेकर इन पदों को भी भरने के प्रयास किये जाएंगे। ’इसके साथ ही लगभग 3000 कांस्टेबलों की हेड कांस्टेबल पद पर एक सप्ताह में पदोन्नति कर दी जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *