उक्रांद ने किया जिला कलेक्ट्रेट का घेराव, राज्यपाल को भेजा चार सूत्रीय ज्ञापन

रुद्रप्रयाग। उत्तराखंड क्रान्ति दल ने जनपद में बढ़ते वन्यजीव हमलों के विरोध में जिला कलैक्ट्रेट का घेराव किया। इस दौरान उक्रांद कार्यकर्ता सरकार व जिला प्रशासन पर जमकर बरसे। मौके पर जिलाधिकारी के माध्यम से महामहिम राज्यपाल को चार सूत्रीय ज्ञापन दिया गया।

पूर्व घोषित कार्यक्रम के अनुसार उक्रांद केन्द्रीय महामंत्री देवेन्द्र चमोली व जिलाध्यक्ष सूरत सिंह झिक्वाण के नेतृत्व में जनपद भर से उक्रांद कार्यकर्ता व ग्रामीण जिला कलैक्ट्रेट पहुंचे। जलूस की शक्ल में नारेबाजी के साथ आक्रोशित कार्यकर्ताओं ने जिलाधिकारी कार्यालय पर जमकर प्रदर्शन किया।

उक्रांद केन्द्रीय महामंत्री देवेन्द्र चमोली ने शासन प्रशासन पर पर्वतीय क्षेत्रों में बढ़ते वन्यजीव हमलों को रोकने में नाकाम साबित होने का आरोप लगाते हुते कहा कि दिल्ली में बैठकर उत्तराखंड के लिए कानून व नीति बनाने वाले पहाड़ में व्याप्त त्रासदी के लिए जिम्मेदार है।

पहाड़वासी कभी भूस्खलन तो कभी वन्यजीवों के आंतक से जूझ रहे हैं। विषम भौगोलिक परिस्थितियों वाले पर्वतीय क्षेत्र को लेकर ठोस कानून न होने के कारण हमारी धार्मिंक आस्था से छेड़छाड़ किया जा रहा है, हमारी जमीनों पर पूंजिपतियों का कब्जा होता जा रहा है लेकिन सरकारें केवल तमाशा देख रही है।

जिलाध्यक्ष सूरत सिंह झिक्वाण ने कहा कि अगस्त्यमुनि में सरकार की शह पर आस्था से जुड़ी मुनि महाराज की भूमि पर स्थानीय लोगों को विवास में लिए बिना निर्माण कार्य किया जा रहा। केन्द्रीय संगठन मंत्री विष्णुकांत शुक्ला ने कहा कि हमारे धार्मिंक आर्थिक महत्व के गौचरानों को गैर कानूनी तरीके से पूंजिपतियों के हवाले किया जा रहा है। रुद्रपुर की गौचरान भूमि हो या मुनि महाराज की सरकार की शह पर इसे हड़पने के प्रयास किये जा रहे हैं।

केन्द्रीय मंत्री बलबीर चौधरी ने कहा कि एक ओर जिला प्रशासन कानून की धौंस दिखाकर स्थानीय लोगों के छोटे-छोटे निर्माण कायरे को रोक देता है लेकिन सुमेरपुर में नियम कानून को ताक पर रखकर बहुमंजिला इमारत खड़ी की जा रही है। जिस पर जिला प्रशासन जबाब नहीं दे पा रहा है। उक्रांद नेताओं का कहना है कि यदि शासन प्रशासन उक्त विषयों पर तत्काल कार्यवाही नहीं करता तो उक्रांद व्यापक जन आंदोलन के लिये बाध्य होगा।

इस दौरान उक्रांद ने जिला प्रशासन की ओर से उप जिलाधिकारी के माध्यम से महामहिम राज्यपाल को चार सूत्रीय ज्ञापन दिया गया। प्रदर्शन में उक्रांद जिला महामंत्री अजीत भंडारी, जिला उपाध्यक्ष प्रेम सिंह रावत, दीप प्रकाश भट्ट, रवि राणा, उपेन्द्र पंत, राय सिंह पंवार, आशुतोष भंडारी, जिताकर सिंह जंगवाण, जसपाल जंगलात, प्रेम पुरोहित, शैलेन्द्र बुटोला सहित अन्य मौजद थे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *