विद्यार्थियों और कैडेटों से मिले मुख्यमंत्री धामी, समस्याएं जानीं

न्यूज़ सुनें

पिथौरागढ़। अपने दो दिवसीय जनपद भ्रमण के दूसरे दिन रविवार को मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने पिथौरागढ़ स्थित वन विश्राम गृह में जनपद के विभिन्न स्कूलों के प्रतिभाशाली छात्र-छात्राओं, खिलाड़ियों और एनसीसी कैडेटों से वार्ता की। इस दौरान मुख्यमंत्री ने छात्र-छात्राओं से उनकी पढ़ाई के बारे में जानकारी ली।  छात्र-छात्राओं ने शिक्षा के स्तर को बेहतर बनाने के लिए कुछ सुझाव भी मुख्यमंत्री के समक्ष रखे। विद्यार्थियों ने अपने-अपने विद्यालयों से संबंधित समस्याएं भी बताईं।

मुख्यमंत्री ने छात्र-छात्राओं को संबोधित करते हुए कहा कि यह सच है कि शिक्षा के क्षेत्र में अभी भी सुविधाओं को लेकर कुछ सुधार किए जाने की आवश्यकता है। किंतु हौसला हो तो वे विपरीत परिस्थितियों में भी आगे बढ़ सकते हैं। उन्होंने कहा कि अब स्थिति पहले जैसे नहीं है। पहले सड़कें तक नहीं थी। अब सड़कें हैं और दूरसंचार व अन्य सुविधाएं भी विकसित हो गई हैं। आज हम अर्थव्यवस्था में आगे बढ़ रहे हैं। मुख्यमंत्री ने कहा कि वर्ष 2047 में हम देश की आजादी की शताब्दी मनाएंगे। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी यह लक्ष्य बनाकर चल रहे हैं कि हमारा देश वर्ष 2047 में वि का नंबर वन देश बने। इस लक्ष्य को पूरा करने में छात्र-छात्राएं अपना बेहतर योगदान दें। खेल, विज्ञान आदि हर क्षेत्र में बेहतर करने का प्रयास करें। उन्होंने कहा कि विद्यार्थी जीवन अमूल्य है। अपना पूरा ध्यान शिक्षा ग्रहण करने पर दें। इस अवसर पर क्षेत्रीय सांसद अजय टम्टा, विधायक डीडीहाट बिशन सिंह चुफाल, बीजेपी जिला अध्यक्ष गिरीश जोशी व नेता, आयुक्त कुमाऊं मंडल दीपक रावत, जिलाधिकारी रीना जोशी, एसपी लोकेर सिंह आदि उपस्थित थे।

मार्निग वॉक पर निकले सीएम धामी, यादें ताजा कर लोगों से मिले
जनपद भ्रमण के दौरान पिथौरागढ़ स्थित वन विश्राम गृह में ठहरे मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी रविवार को मार्निग वॉक पर निकले तथा अपनी पुरानी यादें ताजा की। अपने गृह जनपद में बचपन में मुख्यमंत्री धामी पिथौरागढ़ शहर में अपने यार-दोस्तों के साथ जिन स्थानों पर खेला और घूमा करते थे, उन्होंने उन स्थानों का पैदल भ्रमण किया और अपनी यादें ताजा कीं। इस दौरान कुछ स्थानों पर चाय के ढाबों पर उन्होंने चाय की चुस्कियों का भी आनंद लिया। प्रात: कालीन भ्रमण के दौरान मुख्यमंत्री ने मॉर्निग वॉक पर निकले शहर के लोगों से भी बातचीत की। जिनमें उनके कुछ पुराने मित्र भी शामिल थे। अपने पुराने मित्रों व स्थानीय लोगों से मिलकर मुख्यमंत्री बहुत खुश हुए।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *