हरिद्वार। सोमवार शाम सिडकुल थाना क्षेत्र के रावली महदूद में नाले के तेज बहाव में बहकर लापता हुई छह वर्षीय मासूम विधिका का शव करीब 30 घंटे बाद मंगलवार रात को नाले से बरामद कर लिया गया। बच्ची की तलाश में पुलिस, फायर ब्रिगेड और एसडीआरएफ की टीम ने लगातार सर्च अभियान चलाया। कड़ी मशक्कत के बाद बच्ची का शव रानीपुर क्षेत्र से बरामद हुआ.। शव घटनास्थल से करीब 300 मीटर दूर रानीपुर थाना क्षेत्र में नाले से मिला।
मिली जानकारी के अनुसार बीती सात सितंबर की शाम रावली महदूद क्षेत्र में बारिश के दौरान दो बच्चियां नाले के तेज बहाव की चपेट में आ गई थीं। दोनों के नाले में बहने की सूचना के बाद आसपास के लोगों ने बचाव का प्रयास किया। स्थानीय लोगों ने सात वर्षीय हिमानी पुत्री सोहनपाल निवासी फरीदपुर, थाना कीरतपुर, बिजनौर को सुरक्षित बाहर निकाल लिया था।
छह वर्षीय विधिका पुत्री गौतम नाले के तेज बहाव में बह गई थी। हादसे की सूचना मिलते ही सिडकुल थाना पुलिस मौके पर पहुंची और बच्ची की तलाश शुरू कर दी थी। बाद में एसडीआरएफ, फायर ब्रिगेड और नगर पालिका की टीम को भी रेस्क्यू के लिए बुलाया गया।
पुलिस और एसडीआरएफ की टीम ने नाले के अंदर और आसपास के स्थानों पर रातभर सर्च अभियान चलाया। नाले में भारी मात्रा में कूड़ा जमा होने और कई स्थानों पर लोगों की ओर से सीवर लाइन डाले जाने के कारण रेस्क्यू अभियान में टीम को काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा था। घनी आबादी के बीच से गुजर रहे नाले में कई जगह पानी की मात्रा भी ज्यादा थी।
मंगलवार को भी पुलिस और एसडीआरएफ की टीम ने अलग अलग स्थानों पर बच्ची की तलाश जारी रखी। कई टन कूड़ा जेसीबी मशीनों से बाहर निकाला गया। करीब 30 घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद नाले में एक बच्ची का शव दिखाई दिया।
टीम ने शव को बाहर निकाला। शव की पहचान 6 साल की विधिका के रूप में हुई। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर आवश्यक कार्रवाई के लिए जिला अस्पताल की मोर्चरी में रखवा दिया है। पुलिस की ओर से पंचानामा की कार्रवाई की ।
