टीचर के एक पद के लिए 37 से ज्यादा अर्जियां

सूबे में प्राथमिक शिक्षक भर्ती को 61861 आवेदन प्राप्त
बेसिक शिक्षकों के 1670 रिक्त  पदों पर होनी है भर्तियां
देहरादून। प्रदेश में बेरोजगारी की क्या हालत है यह इससे पता चलता है कि प्राइमरी शिक्षक के एक पद के लिए 37 से ज्यादा आवेदन आए हैं।

प्राथमिक शिक्षा विभाग के अंतर्गत बेसिक शिक्षकों की जनपदवार आयोजित भर्ती प्रक्रिया के तहत 1670 रिक्त पदों के सापेक्ष विभाग को 61861 आवेदन प्राप्त हुए  हैं। विभागीय मंत्री डॉ. धन सिंह रावत ने भर्ती प्रक्रिया में तेजी लाने के निर्देश विभागीय अधिकारियों को दिये हैं।

विद्यालयी शिक्षा विभाग के अधिकारियों ने बताया कि पौड़ी जनपद में 230 रिक्त  पदों के सापेक्ष 6600 आवेदन , चमोली में 162 के सापेक्ष 6040, रूद्रप्रयाग में 155 के सापेक्ष 5667, टिहरी में 216 के सापेक्ष 6100, उत्तरकाशी में 134 के सोपक्ष 5259, देहरादून में 97 के सापेक्ष 2813, नैनीताल में 129 के सापेक्ष 6255, अल्मोड़ा में 241 के सापेक्ष 6634, बागेर में 118 के सापेक्ष 5780, चम्पावत में 85 के सापेक्ष 5190 तथा पिथौरागढ़ में 103 रिक्त पदोंके सापेक्ष 5523 आवेदन प्राप्त हुये हैं।

सभी जनपदों में अभ्यर्थियों द्वारा आवेदित आवेदनों की स्क्रूटनी की जा रही है, इसके उपरांत अभ्यर्थियों की मेरिट लिस्ट तैयार कर उसे विभागीय वेबसाइट पर अपलोड किया जायेगा।

विभागीय मंत्री डॉ. धन सिंह रावत ने सभी 11 जनपदों के जिला शिक्षा अधिकारी (बेसिक) को भर्ती प्रक्रिया को पूरी पारदर्शिता के साथ तय समय सीमा के भीतर सम्पन्न करने के निर्देश दिये हैं।

भर्ती प्रक्रिया में आवेदित अभ्यर्थियों के शैक्षिक दस्तावेजों के आधार पर उनके शैक्षिक गुणांक तय किये जा रहे हैं और उसके आधार पर मेरिट सूची तैयार की जा रही है। उन्होंने बताया कि शीघ्र ही आवेदित अभ्यर्थियों की मेरिट सूची जारी की जायेगी, तदोपरांत जनपद स्तर पर रिक्त पदों के सापेक्ष अभ्यर्थियों का अंतिम चयन परिणाम घोषित किया जायेगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *