रुद्रप्रयाग। देर रात भीरी-ककोला मोटर मार्ग पर एक कार अनियंत्रित होकर सड़क से नीचे लगभग 250 मीटर गहरी खाई में गिर गई है। वाहन भीरी से औरिंग की ओर जा रहा था, तभी यह हादसा हो गया।
इस घटना की सूचना मिलते ही नियंत्रण कक्ष सक्रिय हुआ और एसडीआरएफ पोस्ट अगस्त्यमुनि से उपनिरीक्षक धर्मेंद्र पंवार के नेतृत्व में रेस्क्यू टीम तत्काल मौके के लिए रवाना हुई।
अंधेरे और दुर्गम पहाड़ी क्षेत्र के बावजूद टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए राहत एवं बचाव अभियान शुरू किया। घटनास्थल पर पहुंचने पर पता चला कि कार पूरी तरह क्षतिग्रस्त अवस्था में खाई में गिरी हुई है। इस हादसे में तीन लोगों की दर्दनाक मौत हो चुकी थी।
रेस्क्यू टीम ने चुनौतीपूर्ण परिस्थितियों में अभियान चलाते हुए शवों को बाहर निकालना शुरू किया। तीनों शवों को खाई से बाहर निकाला गया। मृतकों की पहचान नवीन सिंह (30 वर्ष) पुत्र सुरेन्द्र सिंह निवासी औरिंग, अमित सिंह (35 वर्ष) पुत्र आनंद सिंह निवासी सुरसाल तथा अंशुल (28 वर्ष) पुत्र धनपाल निवासी सुरसाल के रूप में हुई है। प्रथम दृष्टिया हादसे का कारण वाहन का अनियंत्रित होना माना जा रहा है।
