चमोली। गुरूवार सुबह 6 बजकर 15 मिनट पर भू बैकुंठ बदरीनाथ धाम के कपाट वैदिक मंत्रोच्चार और विधि विधान से खोल दिए गए। इस मौके पर बदरीनाथ मंदिर को करीब 20 क्विंटल फूलों से सजाया गया। मुख्यमत्री पुष्कर सिंह धामी सहित हजारों लोग इस द्वव्य पल के साक्षी बने।
बता दें कि गुरुवार यानी 23 अप्रैल को सुबह 6.15 बजे बदरीनाथ धाम के कपाट श्रद्धालुओं के लिए दर्शनों के लिए खोल दिए गए हैं। कपाट खुलते ही पूरा मंदिर परिसर जय बदरी विशाल के जयकारों से गूंज उठा।
इस मौके पर हजारों लोग कपाट खुलने के साक्षी बने। जो भगवान बदरी विशाल के दर्शन और खास पल के साक्षी बन कर खुद को भाग्यशाली मानते दिखे। कपाट खुलते ही भक्तों की लाइन दर्शनों के लिए लग गई हैं। खुद सीएम धामी बदरीनाथ में मौजूद हैं। वहीं, अब बदरीनाथ धाम के कपाट खुलने के साथ ही उत्तराखंड की चारधाम यात्रा 2026 पूरी तरीके से सुचारू हो गई है।
गौर हो कि सबसे पहले यानी 19 अप्रैल को अक्षय तृतीया पर यमुनोत्री और गंगोत्री धाम के कपाट खोल दिए गए थे। जिसके बाद 22 अप्रैल को केदारनाथ धाम के कपाट भी खोले गए। इसके साथ ही अब आस्था, भक्ति और श्रद्धा से जुड़ा चारधाम यात्रा का आगाज हो गया है। चारधाम यात्रा को लेकर जबरदस्त उत्साह श्रद्धालुओं में देखने को मिल रहा है।
