रक्षाबंधन पर राज्यपाल और सीएम धामी ने प्रदेशवासियों को दी बधाई

देहरादून। रक्षाबंधन का पर्व देशभर में बड़े ही धूमधाम से मनाया गया। इसी क्रम में उत्तराखंड में भी रक्षाबंधन त्यौहार की धूम देखी गयी। राज्यपाल लेफ्टिनेंट जनरल गुरमीत सिंह (से नि) व मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने प्रदेशवासियों को रक्षाबंधन की हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं दी।

सीएम धामी ने कहा कि रक्षाबंधन भाई-बहन के अटूट प्रेम, विश्वास, स्नेह, समर्पण और सुरक्षा के संकल्प का पावन पर्व है। यह पर्व हमारी समृद्ध सांस्कृतिक परंपराओं के साथ-साथ नारी सम्मान और सामाजिक सद्भाव की भावना को भी मजबूत करता है। सीएम ने कहा कि रक्षाबंधन का पर्व सामाजिक सद्भाव के साथ ही महिलाओं के प्रति आदर एवं सुरक्षा की भावना को भी सुदृढ़ बनाता है. रक्षाबंधन महिलाओं के सम्मान से जुड़ा पर्व भी है।

उन्होंने कहा कि महिलाओं के सशक्तिकरण के प्रति हमारा प्रयास निरन्तर जारी है। महिलाओं को सशक्त किए बिना समृद्ध उत्तराखंड की कल्पना पूरी नहीं हो सकती है। उन्होंने प्रदेशवासियों से महिलाओं के सशक्तिकरण और उनकी प्रगति के लिए एक आदर्श समाज के निर्माण में सहयोगी बनने की भी अपेक्षा की।

मुख्यमंत्री ने कहा कि मातृशक्ति का सम्मान और सशक्तिकरण हमारी सरकार की सर्वाेच्च प्राथमिकताओं में है। मुख्यमंत्री ने कहा कि रक्षाबंधन के अवसर पर आज और कल यानी 28 और 29 अगस्त को प्रदेश की महिलाओं के लिए उत्तराखंड परिवहन निगम की बसों में निशुल्क यात्रा की सुविधा दी जा रही है।

वहीं, राज्यपाल लेफ्टिनेंट जनरल गुरमीत सिंह (से नि) ने प्रदेशवासियों को रक्षाबंधन के पावन पर्व की हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं दी हैं। राज्यपाल ने कहा कि रक्षाबंधन भाई-बहन के पवित्र रिश्ते, अटूट स्नेह और विश्वास का प्रतीक पर्व है।

यह पर्व पारिवारिक संबंधों को मजबूत करने के साथ ही समाज में प्रेम, सौहार्द और आपसी भाईचारे की भावना को भी सुदृढ़ करता है। उन्होंने कहा कि रक्षाबंधन मातृशक्ति के सम्मान और स्नेह का पर्व भी है. बहनें परिवार की स्नेह, संस्कार और संवेदनाओं की मजबूत आधारशिला हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *