टिहरी। चंबा-मसूरी मोटर मार्ग पर धनोल्टी के समीप घर लौट रहे वन दरोगा के दोपहिया वाहन को एक कार ने जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में वन दरोगा गंभीर रूप से घायल हो गए। जिन्हें उपचार के लिए चंबा के चिकित्सालय लाया गया. जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
दुर्घटना के बाद कार चालक मौके से फरार हो गया। पुलिस ने मृतक के बेटे की तहरीर पर अज्ञात वाहन चालक के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर मामले की जांच शुरू की। जिसके बाद चम्बा पुलिस की टीम ने सर्च अभियान बढ़ाया। अज्ञात वाहन और वाहन चालक को गिरफ्तार कर लिया गया है।
जानकारी के अनुसार नरेंद्रनगर वन प्रभाग की सकलाना रेंज में तैनात वन दरोगा प्यार चंद रमोला, उम्र 48 वर्ष, निवासी सौड़ गांव, चंबा शनिवार देर शाम सकलाना से अपने दोपहिया वाहन पर सवार होकर घर लौट रहे थे।
इसी दौरान धनोल्टी के समीप चंबा की ओर से जा रही एक कार को पास देते समय दोनों वाहनों की टक्कर हो गई। टक्कर इतनी जोरदार थी कि वन दरोगा गंभीर रूप से घायल हो गए।
हादसे के बाद कार चालक मौके से फरार हो गया। घटना की सूचना मिलते ही घायल वन दरोगा को उपचार के लिए चंबा स्थित चिकित्सालय पहुंचाया गया, लेकिन यहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। घटना के बाद मृतक के परिजनों में कोहराम मचा हुआ है।
वन दरोगा प्यार चंद रमोला की मौत से वन विभाग में भी शोक का माहौल है। मामले को लेकर चंबा थाना अध्यक्ष विपिन बहुगुणा ने बताया कि मृतक के बेटे की तहरीर के आधार पर अज्ञात कार चालक के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है। पुलिस दुर्घटना के कारणों की जांच कर रही है।
