गंगनानी के समीप नदी में समाई  यात्रियों की कार, पांच की मौत

उत्तरकाशी। गुरूवार सुबह गंगोत्री राष्ट्रीय राजमार्ग पर गंगनानी के  आगे डबरानी की ओर एक वाहन अनियंत्रित होकर करीब दो सौ मीटर गहरी खाई में जा गिरकर नदी में समा गया। हादसे में अब तक पांच लोगों की घटनास्थल पर मौत होने की सूचना है।

वाहन में गुजरात के छह यात्री और एक चालक सवार थे। वहीं, वाहन में सवार अन्य लोगों के नदी में लापता होने की आशंका के चलते उनकी तलाश में सर्च अभियान चलाया जा रहा है। इस हादसे के बाद क्षेत्र में हड़कंप मच गया है।

मिली जानकारी के अनुसार बृहस्पतिवार को पुलिस को डेल्टा के माध्यम से सूचना मिली कि गंगोत्री राष्ट्रीय राजमार्ग पर गंगनानी के समीप एक इनोवा कार अनियंत्रित होकर नदी में गिर गई है।

सूचना मिलते ही पुलिस, एसडीआरएफ और 108 आपातकालीन एंबुलेंस सेवा की टीमें तत्काल घटनास्थल के लिए रवाना हो गईं। घटनास्थल पर पहुंची राहत एवं बचाव टीमों ने नदी किनारे और आसपास के क्षेत्र में खोजबीन शुरू की।

रेस्क्यू अभियान के दौरान टीमों को नदी किनारे चार लोगों के शव मिले। इसके बाद शवों को बाहर निकालने की कार्रवाई की गई। हादसे के समय कार में कुल कितने लोग सवार थे, इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं हो सकी है। अन्य लोगों के भी नदी में बहने की आशंका को देखते हुए एसडीआरएफ और पुलिस की टीमें लगातार तलाश में जुटी हैं।

हादसे का स्थान दुर्गम होने और नदी के तेज बहाव के कारण राहत एवं बचाव कार्य में चुनौतियां सामने आ रही हैं। टीमों की ओर से घटनास्थल के आसपास नदी के किनारों और संभावित स्थानों पर सघन तलाशी अभियान चलाया जा रहा है।

फिलहाल हादसे के कारणों का पता नहीं चल पाया है। पुलिस की ओर से दुर्घटनाग्रस्त वाहन और उसमें सवार लोगों के संबंध में जानकारी जुटाई जा रही है। रेस्क्यू अभियान पूरा होने के बाद ही हादसे में हताहत और लापता लोगों की वास्तविक संख्या स्पष्ट हो सकेगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *