एक सप्ताह पहले घर से लापता युवती का शव झाल से बरामद

रुड़की। पिछले सप्ताह से लापता चल रही एक युवती का शव मोहम्मदपुर झाल से बरामद हुआ है।पुलिस ने शव कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। मामले की जांच की जा रही है।

मिली  जानकारी के मुताबिक, मृतक युवती रुड़की सिविल लाइन कोतवाली क्षेत्र के गोल भट्टा कॉलोनी  अपने परिवार के साथ रहती थी। बताया जा रहा है कि उसकी शादी 6 मई को राजस्थान के एक युवक से तय हुई थी।  इससे पहले उसके प्रेम को लेकर शुरुआत में काफी विरोध भी हुआ, लेकिन आखिरकार दोनों परिवार मान गए थे और शादी की तैयारियां जोरों पर थीं। बताया जा रहा है कि लड़के के घर हल्दी की रस्म भी हो चुकी थी। इसी के साथ युवती के घर पर भी खुशियों की हलचल थी, लेकिन किस्मत को कुछ और ही मंजूर था।

बीती 24 अप्रैल को युवती अचानक घर से लापता हो गई। बताया जा रहा है कि इससे पहले उसकी अपनी बड़ी बहन के साथ फोन पर किसी बात को लेकर कहासुनी हुई थी और उस छोटी सी तकरार के बाद क्या हुआ। यह अब एक गहरा रहस्य बन चुका है।

युवती के लापता होने के बाद उसके परिजनों ने पहले हर जगह उसकी तलाश की। उन्होंने हर दरवाजा खटखटाया, लेकिन जब युवती का कोई सुराग नहीं मिला तो 26 अप्रैल को कोतवाली पहुंचकर पुलिस में गुमशुदगी दर्ज कराई गई।

जैसे-जैसे दिन बीतते गए उनकी उम्मीदें टूटती गईं और आखिरकार वही हुआ, जिसका डर सबसे ज्यादा था। परिजनों को सूचना मिली कि उनकी बेटी का शव गंगनहर के मोहम्मदपुर झाल से बरामद हुआ है। शव मिलने की खबर जैसे ही परिवार तक पहुंची तो घर में कोहराम मच गया। फिल्हाल पुलिस ने मृतका के शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। मामले की गहनता से जांच की जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *