हल्द्वानी। गुरूवार देर रात फतेहपुर रेंज के अंतर्गत भदूनी गांव में शादी समारोह से लौट रहे युवक की बाघ के हमले में मौत हो गई। इसके बाद से पूरे इलाके में दहशत का माहोल है। स्थानीय लोगों वन विभाग से सुरक्षा की मांग की है।
मिली जानकारी के मुताबिक, कमल सिंह (30) नामक युवक गुरुवार को भदूनी गांव से शादी के बाद लौट रहे थे। तभी खेत के पास बाघ ने उन्हें मार दिया। शुक्रवार सुबह युवक का क्षत-विक्षत शव मिला। जिसके बाद पूरे इलाके में दहशत फैल गयी। इसकी सूचना वन विभाग को दी गयी।
वन विभाग की टीम ने मौके पर पहंुचकर स्थिति का जायजा लिया। लगातार वन्यजीवों के हमले में हो रही मौतों से क्षेत्र में आक्रोश पनप रहा है। इस मामले में कांग्रेस प्रवक्ता नीरज तिवारी ने कहा कि लगातार तीसरी घटना ने यह साबित कर दिया है कि वन विभाग पूरी तरह विफल हो चुका है और सरकार हालात संभालने में असफल सिद्ध हुई है।
क्षेत्र में दहशत का माहौल है, लेकिन जिम्मेदार विभाग केवल कागजी कार्यवाही तक सीमित हैं।पूर्व में भी लगातार चेतावनी दी गई थी कि बाघ सक्रिय है, इसके बावजूद न तो उसे पकड़ने के ठोस प्रयास हुए और न ही मारने के आदेश जारी किए गए।
