मृतक के गांव के ही रहने वाले निकले हत्यारे
हरिद्वार। बीती दो अगस्त की रात से लापता शिवपुरी रायसी निवासी अंकित चैहान की हत्या का खुलासा पुलिस ने कर दिया है। आरोपी मृतक के गांव के ही बताए जा रहे है। जिन्होंने पुरानी रंजिश का बदला लेने के लिए अंकित को रास्ते में रोककर उसकी हत्या को अंजाम दिया था। पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ आगे की कार्यवाही शुरू कर दी है।
परिजनों द्वारा अंकित की गुम होने के तहरीर पुलिस को देने के बाद इस घटना की गंभीरता को देखते हुए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक हरिद्वार द्वारा घटना के सफल अनावरण हेतु प्रभारी निरीक्षक के नेतृत्व में टीम का गठन किया गया।
गठित पुलिस टीम द्वारा घटना के विभिन्न पहलुओं पर बारीकी से जांच की गई। आसपास के इलाकों के सीसीटीवी कैमरे को खंगाल गया आसपास के टावरों की कॉल डिटेलों व अन्य तकनीकी साक्ष्यों का विश्लेषण किया गया व मैनुअल पुलिसिंग कर मृतक से संबंधित जानकारी जुटाई गई।
विवेचना के दौरान यह तथ्य प्रकाश में आया कि गुमशुदा अंकित के गांव के रहने वाले सचिन मेहकार कुलवंत व अंकित उर्फ फौजी से उसकी पिछले कुछ समय से रंजिश चली आ रही थी । यह सूचना पर कोतवाली लक्सर पर 801/26 मुकदमा पंजीकृत किया गया। जिस पर पुलिस टीम द्वारा उपरोक्त चारों से बारीकी से पूछताछ की गई।
पुलिस की सख्त पूछताछ में आरोपित द्वारा अपना जुर्म कबूला गया। पुलिस पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि गुमशुदा अंकित चैहान की उन चारों व्यक्ति ने मिलकर 2 अगस्त की रात को हत्या कर दी है व शव को शिवपुरी गांव के पास बनी खुसरो की ठोकर से उसकी मोटरसाइकिल के साथ बांधकर नदी में डुबो दिया था।
पूछताछ में उन्होंने बताया कि मृतक अंकित काफी समय से उन्हें परेशान कर रहा था और ट्रैक्टर ट्राली के खनन में उनकी मुखबिरी करके उन्हें पकड़वा दिया करता था। जिससे उन्हें काफी पैसे की हानि हो रही थी इसलिए उन चारों ने अंकित को रास्ते से हटाने का फैसला किया तथा 2 तारीख की रात को जब अंकित अपने घर लौट रहा था तो उसकी मोटरसाइकिल रोक कर रास्ते में ही उसकी हत्या कर दी।
आरोपितों को पुलिस टीम द्वारा उनको आगे आगे चलकर उनके बताए स्थान पर ले गए जहां पर तलाशी हेतु एसडीआरएफ की टीम को भी गोताखोरों सहित बुलाया गया एसडीआरएफ के गोताखोरों की मदद से अथक प्रयासों से गंगा नदी में डूबे मोटरसाइकिल व शव को बरामद किया गया।
आरोपियों के नाम सचिन पुत्र पवन निवासी शिवपुरी रायसी हरिद्वार, मेहकार पुत्र पवन निवासी शिवपुरी रायसी हरिद्वार, कुलवंत पुत्र कल्लू निवासी शिवपुरी रायसी हरिद्वार
व अंकित चैहान उर्फ फौजी पुत्र सुरेश पाल निवासी शिवपुरी रायसी हरिद्वार बताए जा रहे हैं।
