भारी बारिश से आई बाढ़ के पानी में बही कार,युवक-युवती की मौत,एक घायल

देहरादून। देहरादून में बीते दो रोज से जारी भारी बारिश अब जानलेवा साबित होने लगी है।  बीती रात प्रेमनगर क्षेत्र में भारी बारिश से खाले में आया बाढ़ का पानी एक कार को बहा ले गया।

इस हादसे में एक युवती और एक युवक की मौत हो गई। जबकि  एक अन्य युवती गंभीर रूप से घायल हुई है। एसडीआरएफ द्वारा चलाए गए रेस्क्यू अभियान के बाद ं कार सवार लोग घटनास्थल से दो किलोमीटर दूर से बरामद किए गए।

इससे अंदाजा लगाया जा सकता है कि खाले में आई बाढ़ का पानी कितना अधिक था और उसका बहाव कितना तेज रहा होगा। मृतकों के शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। जबकि घायल युवती का अस्पताल में उपचार किया जा रहा है।

मिली जानकारी के अनुसार सोमवार देर रात थाना प्रेमनगर क्षेत्र के लोअर कंडोली, पौधा रोड स्थित कंडोली पुल के पास क्रेटा वाहन  के तेज बरसाती बहाव में बहने की सूचना प्राप्त हुई। सूचना मिलने के बाद एसडीआरएफ की टीम डाकपत्थर, अपर उप निरीक्षक सुरेश तोमर के साथ टीम तत्काल घटनास्थल के लिए रवाना हुई।

घटनास्थल पर पहुंचकर रेस्क्यू टीम द्वारा तत्काल सर्चिंग एवं रेस्क्यू अभियान शुरू किया गया। उस  क्रेटा वाहन में एक युवक एवं दो युवतियां सवार थे। रेस्क्यू टीम द्वारा अंधेरी रात में प्रतिकूल परिस्थितियों के बीच अथक प्रयास करते हुए सर्चिंग अभियान चलाया गया।

सर्चिंग के दौरान घटनास्थल से लगभग दो किलोमीटर दूर सहज पुत्री गुलशन बवेजा को घायल अवस्था में रेस्क्यू कर सुरक्षित बाहर निकाला गया तथा पुलिस के सुपुर्द किया गया।

वहीं सर्चिंग के दौरान वाहन में सवार अक्षय पुत्र मुकेश, उम्र 20 वर्ष, निवासी जयपुर, राजस्थान एवं एक अन्य युवती का शव बरामद कर लिया गया। दोनों शवों को आवश्यक कार्रवाई हेतु पुलिस के सुपुर्द किया गया।

एसडीआरएफ के अपर उप निरीक्षक सुरेश तोमर ने बताया कि भारी बारिश के कारण सड़क के रपटें में बरसाती पानी का तेज बहाव होने से कार बरसाती खाले (नाले से बड़ा) में बह गई और करीब दो किलोमीटर दूरी पर मिली. दो लोगों की मौत हुई है। एक युवती घायल है।

इस दुखद घटना के साथ ही इसमें एक चैंकाने वाली बात भी हुई है। कार के बाढ़ के पानी में दो किलोमीटर दूर तक बहने के बावजूद एक युवती बच गई। एसडीआरएफ ने युवती को सुरक्षित रेस्क्यू कर लिया। लोग इसे चमत्कार से कम नहीं मान रहे हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *