भाजयुमो के प्रदेश अध्यक्ष समेत छह कार्यकर्ता झुलसे

न्यूज़ सुनें

गैस से भरे गुब्बारों के फटने से हुआ हादसा
देहरादून। भारतीय जनता युवा मोर्चा की स्वागत रैली में गैस से भरे गुब्बारे फटने से नवनियुक्त प्रदेश अध्यक्ष शशांक रावत समेत छह कार्यकर्ता झुलस गये। प्राथमिक उपचार के बाद सभी भाजुयमो कार्यकर्ताओं को अस्पताल से छुट्टी मिल गई।
बुधवार को भाजयुमो कार्यकर्ताओं ने नवनियुक्त प्रदेश अध्यक्ष शशांक रावत के स्वागत में बाइक रैली का आयोजन किया था। इसके लिए भाजयुमो के तमाम कार्यकर्ता सचिवालय के सामने स्थित एक वैडिंग प्वाइंट में एकत्रित हुए। नवनियुक्त प्रदेश अध्यक्ष के लिए खुली जीप को गैस से भरे गुब्बारें से सजाया गया था। रैली में शामिल होने के लिए जैसे नवनियुक्त प्रदेश अध्यक्ष शशांक रावत जीप में चढ़ने के दौरान गुब्बारों में आग लग गई और गैस से भरे सभी गुब्बारे एक साथ फट गये।

इसके चलते प्रदेश अध्यक्ष शशांक रावत, महानगर अध्यक्ष अंशुल चावला समेत कई कार्यकर्ता झुलस गये। आनन फानन में सभी कार्यकर्ताओं को पंडित दीनदयाल उपाध्याय जिला चिकित्सालय की इमरजेंसी में लाया गया जहां पर प्राथमिक उपचार के बाद डिस्चार्ज कर दिया गया।

इमरजेंसी मेडिकल आफिसर डा. दीपक गहतोड़ी के अनुसार 33 वर्षीय अंशुल चावला का बाया कान झुलस गया था, जबकि 26 वर्षीय ऋषभ पाल के चेहरे पर बर्न था। 30 वर्षीय नवीन कुमार के राइट हैंड पर रेडनेस थी। वहीं 25 वर्षीय उत्कर्ष के सिर पर बाल जल गए थे। 31 वर्षीय समर गुप्ता के माथे पर जलने के निशान थे। प्रदेश अध्यक्ष शशांक रावत का अपसाइट का फेस जला हुआ था। प्राथमिक उपचार देने के बाद सभी को डिस्चार्ज कर दिया गया, जबकि शशांक रावत को थोड़ी देर के लिए अब्जर्वेशन में रखा गया था।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *