बीआरओ से जुडे भ्रष्टाचार के मामले में सीबीआई की छापेमारी

देहरादून। सीमा सड़क संगठन (बीआरओ) से जुड़े कथित भ्रष्टाचार मामले में केंद्रीय अन्वेषण ब्यूरो (सीबीआई) ने उत्तराखंड के पांच जिलों में एक साथ छापेमारी की।
मंगलवार को तड़के शुरू हुई इस कार्रवाई से संबंधित विभागों और ठेकेदारों में हड़कंप मच गया। सीबीआई की टीमों ने कई स्थानों पर दस्तावेजों की जांच की और महत्वपूर्ण रिकार्ड अपने कब्जे में लिए।
सूत्रों के अनुसार, सीबीआई की अलग-अलग टीमों ने मुनश्यारी, पिथौरागढ़, नैनीताल, हरिद्वार व देहरादून जिलों में विभिन्न ठिकानों पर दबिश दी। कार्रवाई के दौरान निर्माण कार्यों से जुड़े दस्तावेज, वित्तीय रिकॉर्ड और इलेक्ट्रानिक उपकरणों की भी जांच की गई।
आवश्यक होने पर स्थानीय पुलिस का सहयोग भी लिया गया।
बताया जा रहा है कि यह कार्रवाई बीआरओ के कार्यों में कथित अनियमितताओं, वित्तीय गड़बड़ियों और भ्रष्टाचार की जांच के तहत की गई है। सीबीआई इस मामले में लंबे समय से जांच कर रही थी और उसी के आधार पर एक साथ कई स्थानों पर छापेमारी की गई।
उत्तराखंड के कुमाऊं रेंज में मुनश्यारी, पिथौरागढ़ व नैनीताल में सीबीआइ देहरादून की टीम ने कार्यालय, आवास व कैंप ऑफिस खंगाले जबकि हरिद्वार व देहरादून में बाहरी राज्यों से सीबीआई की टीम ने जांच की।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *