चीन बॉर्डर से हर घर तिरंगा का सीएम ने किया आगाज

न्यूज़ सुनें
सीमांत मलारी गांव में हर तरफ रहा उमंग व उल्लास
चमोली। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने चीन सीमा से सटे मलारी गांव में हर घर तिरंगा कार्यक्रम में भाग लेकर आजादी के अमृत महोत्सव को हौसला बढ़ाया। बुधवार को सीएम धामी सीमांत गांव मलारी पहुंचे। मलारी में भारतीय सेना, आईटीबीपी (हिमवीर), सीमांत सडक संगठन (शिवालिक) के जवानों और द्वितीय रक्षा पंक्ति के रूप में सीमांत गांवों के जनजाति के लोगों के साथ हर घर तिरंगा कार्यक्रम में प्रतिभाग किया। इस दौरान सीएम ने सभी का हौसला बढाते हुए आजादी के अमृत महोत्सव की बधाई दी। हर घर तिरंगा कार्यक्रम को लेकर सेना के जवानों और सीमांत गांवों के निवासियों में जबरदस्त उत्साह और उमंग दिखा। सीएम ने कहा कि आजादी का अमृत महोत्सव जन-जन का अभियान बन चुका है। आजादी के अमृत महोत्सव का साक्षी बनने के लिए सभी लोग सौभाग्यशाली हैं।
उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भारत शक्तिशाली और गौरवशाली भारत के रूप में आगे बढ़ रहा है। उन्होंने कहा कि तिरंगा हमारी आन, बान, शान और अभिमान है। आज देश की आजादी के लिए अपने प्राणों का बलिदान देने वाले क्रांतिकारियों का स्मरण पूरा देश कर रहा है। सीएम ने कहा कि आगामी 25 साल देश का अमृत काल होगा। उत्तराखंड को 2025 तक एक आदर्श राज्य बनाने के लिए सरकार संकल्पबद्ध है। पर्वतीय राज्य की भौगोलिक परिस्थितियों के हिसाब से विकास योजनाएं तैयार की जा रही है।
उन्होंने कहा कि सीमाओं पर प्रहरी के रूप मे काम करने वाले क्षेत्रवासी और सीमा पर डटे जांबाजों की वजह से ही देश सुरक्षित है। इस दौरान उन्होने सरकार की उपलब्धियों के बारे में बताते हुए सभी को आजादी के अमृत महोत्सव एवं पवित्र रक्षाबंधन त्योहार की बधाई दी। क्षेत्रवासियों की समस्याएं सुनते हुए मुख्यमंत्री ने मलारी में इंद्रामणि मंदिर का जीर्णोद्धार, शिवालय मंदिर मार्ग और कागा से गरपक तक मोटर मार्ग सुधारीकरण का आासन भी दिया। इस दौरान सीमांत गांव की महिलाओं ने मुख्यमंत्री धामी को रक्षासूत्र बांधकर दीर्घायु की कामना की। सीमांत क्षेत्र मलारी में पहली बार मुख्यमंत्री के आगमन पर क्षेत्रवासियों ने अंगवस्त्र व स्मृति चिन्ह भेंट करते हुए पारंपरिक पौणा नृत्य के साथ स्वागत किया।
इस अवसर पर आईटीबीपी प्रथम वाहिनी के सेनानी वेणुधर नायक, बीआरओ के कमांडर कर्नल मनीष कपिल, एसडीएम कुमकुम जोशी, भाजपा जनजाति मोर्चा के जिलाध्यक्ष पुष्कर सिंह राणा, जनजाति मोर्चा के प्रदेश उपाध्यक्ष  प्रेम सिंह राणा, भाजपा जिला उपाध्यक्ष तारेंद्र प्रसाद थपलियाल, जिला महामंत्री नवल भट्ट, नीती घाटी नंदादेवी समिति के अध्यक्ष डा मान सिंह राणा, मलारी के प्रधान मंगल सिंह राणा, भाजपा नेत्री नंदी राणा, एपीडी आनंद सिंह आदि सहित सेना के वरिष्ठ अधिकारी एवं जवान मौजूद रहे। सीमांत गांव मलारी में आयोजित हर घर तिरंगा कार्यक्रम में सेना के जवानों के साथ ही सीमांत गांव कैलाशपुर, महरगांव, कोषा, द्रोणागिरी, नीती, बांपा, गमशाली, फरकिया, झेलम, जुम्मा, कागा, गरपक, मलारी के जनजाति परिवारों ने प्रतिभाग किया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *