देहरादून आगामी शीतकाल और संभावित शीतलहर-बर्फबारी को लेकर जनपद में राहत व बचाव व्यवस्थाओं को चाक-चौबंद रखने के उद्देश्य से जिलाधिकारी डॉ. आशीष चौहान की अध्यक्षता में कलेक्टेट के ऋषिपर्णा सभागार में समीक्षा बैठक हुई। बैठक में संबंधित विभागों के अधिकारियों को समयबद्ध और समन्वित ढंग से तैयारियां पूरी करने के सख्त निर्देश दिए गए।
जिलाधिकारी ने निर्देश दिया कि शीतलहर से बचाव के लिए नगर निकायों और तहसील क्षेत्रों के प्रमुख सार्वजनिक स्थलों, बस स्टैंड, रेलवे स्टेशन, अस्पतालों समेत जरूरी जगहों पर अलाव जलाने की व्यवस्था सुनिश्चित की जाए।
वन विभाग, जिला लॉटिंग अधिकारी और आपदा प्रबंधन विभाग आपसी समन्वय से इस काम को प्रभावी बनाएं। निर्धन, असहाय और जरूरतमंद लोगों को समय से कंबल उपलब्ध कराने के लिए तहसील स्तर पर पर्याप्त स्टॉक और वितरण व्यवस्था बनाई जाए। दुर्गम क्षेत्रों में तीन माह का खाद्यान्न समय से पहुंचाया जाए।
रैन बसेरों में ठहरने वाले लोगों के लिए पर्याप्त बिस्तर, कंबल, स्वच्छ पेयजल, प्रकाश, शौचालय और साफ-सफाई की व्यवस्था समय से सुनिश्चित करने को कहा गया। हर क्षेत्र में रैन बसेरे के लिए नोडल अधिकारी नामित कर नियमित निरीक्षण और निगरानी रखी जाए।
दुर्गम, पर्वतीय और दूरस्थ क्षेत्रों में खाद्यान्न, पेयजल, ईंधन व अन्य आवश्यक वस्तुओं का अग्रिम भंडारण करने के निर्देश दिए गए, ताकि मार्ग अवरुद्ध होने पर लोगों को परेशानी न हो।
मुख्य चिकित्सा अधिकारी को बर्फबारी वाले क्षेत्रों में गर्भवती महिलाओं का चिह्नीकरण समय से पूरा कर नजदीकी सुरक्षित स्थानों पर शिफ्ट करने को कहा गया। शीतकाल में चिकित्सकों की सूची, मोबाइल नंबर, जीवनरक्षक दवाएं, उपकरण, गर्माहट की व्यवस्था और एंबुलेंस सेवाएं सुनिश्चित रखी जाएं।
मार्गों को सुचारू रखने के लिए जेसीबी, स्नो कटर, स्नो ब्लोअर, नमक और चूना पर्याप्त मात्रा में उपलब्ध रहें। संवेदनशील मार्गों पर चेतावनी संकेत लगाए जाएं और अवरोध की स्थिति में त्वरित कार्रवाई के लिए ड्यूटी निर्धारित की जाए।
पर्यटन स्थलों पर आने वाले पर्यटकों की सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता दी जाए। संभावित अवरोध और खराब मौसम की सूचना समय से दी जाए तथा ऐसे ट्रैक चिह्नित किए जाएं जहां पर्यटक फंस सकते हैं
पशुओं की सुरक्षा के लिए पशु चिकित्सालयों में दवाएं और उपचार सुविधाएं उपलब्ध रहें। आवारा पशुओं के लिए आश्रय और चारा बैंकों में पर्याप्त चारा रखा जाए। मानव-पशु संघर्ष रोकने के लिए भी वन विभाग को तैयार रहने को कहा गया।
जिलाधिकारी ने साफ कहा कि शीतकालीन तैयारियों में किसी भी तरह की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। सभी विभाग अपने दायित्व समय से पूरे करें और नियमित समीक्षा व स्थलीय निरीक्षण करते हुए व्यवस्थाओं को धरातल पर लागू करें।
बैठक में अपर जिलाधिकारी (वित्त एवं राजस्व) के.के. मिश्रा, उप जिलाधिकारी सदर अपूर्वा सिंह, अपर नगर मजिस्ट्रेट रविन्द्र जुवांठा, जिला पूर्ति अधिकारी के.के. अग्रवाल, जिला आपदा प्रबंधन अधिकारी ऋषभ कुमार सहित नगर निगम, लोनिवि, एनएच, पीएमजीएसवाई, आरडब्ल्यूडी, वन, विद्युत, पेयजल आदि विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे। कई अधिकारी वर्चुअल माध्यम से जुड़े।
