काला जादू व बुरी शक्तियों का भय दिखाकर दो लाख की ठगी

देहरादून। प्रेमनगर थाना क्षेत्र में एक महिला ने खुद को पुजारी बताने वाले राहुल थापा पर परिवार को काला जादू व बुरी शक्तियों का भय दिखाकर दो लाख रुपये ठगने का आरोप लगाया है।

पुलिस ने तहरीर के आधार पर मामला दर्ज कर लिया है।आरोपी पर सेलाकुई और कैंट थाने में पहले ही मामले दर्ज हैं और सेलाकुई में 65 तोला सोना ठगने के मामले में वह जेल में बंद है।

जानकारी के अनुसार प्रेमनगर निवासी सीमा तलवार ने शिकायत में बताया कि राहुल थापा खुद को एक मंदिर का पुजारी बताता था और लोगों को धार्मिक अनुष्ठानों के नाम पर झांसे में लेने का काम करता था।

आरोप है कि राहुल ने उनके परिवार को बताया कि उनके घर पर बुरा साया, काला जादू और नकारात्मक शक्तियों का प्रभाव है। तत्काल विशेष पूजा और हवन नहीं कराया गया तो परिवार पर बड़ा संकट आ सकता है।डरकर परिवार ने राहुल थापा के कहने पर विशेष हवन और पूजा का आयोजन कराया।

इस दौरान राहुल ने पूजा-अनुष्ठान के नाम पर कुल दो लाख रुपये नकद लिए। यह रकम 50-50 हजार रुपये के चार अलग-अलग लिफाफों में उसे सौंपी गई थी।सीमा तलवार ने बताया कि गत नौ जून की शाम उनके घर पर हवन कराया गया जिसमें राहुल थापा खुद मौजूद था।

उसने विशेष रूप से किसी भी प्रकार की फोटो या वीडियो न बनाने की हिदायत दी थी। इससे परिवार को संदेह हुआ और उनकी पुत्री वैशाली ने पीछे और साइड से उसकी तस्वीरें और वीडियो रिकॉर्ड कर लीं।

बाद में सोशल मीडिया और समाचार माध्यमों से परिवार को जानकारी मिली कि राहुल थापा पर पहले भी लोगों को झांसे में लेकर ठगी करने के आरोप लग चुके हैं और उसे पुलिस गिरफ्तार कर चुकी है। सोशल मीडिया पर प्रसारित वीडियो और तस्वीरों में सीमा तलवार के परिवार ने राहुल थापा की पहचान की।

उनका दावा है कि गिरफ्तारी के समय उसने वही वस्त्र पहने हुए थे जो उनके घर में हवन के दौरान पहने थे। पीड़िता ने आरोप लगाया कि राहुल थापा ने झूठे तथ्यों और अंधविश्वास का सहारा लेकर उनके परिवार को मानसिक रूप से भयभीत किया और धोखाधड़ी कर दो लाख रुपये हड़प लिए। प्रेमनगर थाना प्रभारी नरेश राठौर ने बताया कि शिकायत के आधार पर प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *