लोडर जीप में संदिग्ध परिस्थितियों में मिला युवक का शव

देहरादून। गुरूवार सुबह मसूरी-देहरादून रोड पर मैगी पॉइंट के पास  युवक का शव उसी की लोडर जीप में संदिग्ध परिस्थितियों में मिला है। मौके पर पहंुची पुलिस ने मृतक के शव को कब्जे में लेकर पीएम के लिए भेज दिया है। मृतक की पहचान जौनपुर क्षेत्र के टकारना गांव निवासी मनीष (22) के रूप में हुई है।

जानकारी के अनुसार मृतक मनीष रोजाना तड़के करीब तीन बजे लोडर जीप से मसूरी से देहरादून सामान लेने जाता था। गुरुवार सुबह भी वह रोज की तरह घर से निकला था। इसके बाद मैगी पॉइंट के पास उसकी लोडर जीप में उसका शव मिला। स्थानीय लोगों ने ही सबसे पहले जीप में शव को देखा था, उन्होंने ही पुलिस को मामले की सूचना दी थी।

मसूरी कोतवाल देवेंद्र चैहान ने बताया कि प्रथम दृष्टया मामला आत्महत्या का प्रतीत हो रहा है, लेकिन पुलिस किसी निष्कर्ष पर पहुंचने से पहले सभी पहलुओं की गंभीरता से जांच कर रही है। शव को पोस्टमार्टम के लिए कोरोनेशन अस्पताल लाया गया है। मृतक के परिजनों को घटना की सूचना दे दी गई है।

पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों को लेकर स्थिति स्पष्ट हो सकेगी। मनीष की मौत की खबर मिलते ही उसके गांव टकारना गांव से कई लोग मौके पर पहुंची। स्थानीय निवासी रघुवीर ने बताया कि मनीष मेहनती युवक था और रोजाना अपना काम करता था। उनके अनुसार वह किसी तरह का नशा भी नहीं करता था।

ऐसे में अचानक उसकी इस तरह मौत होने से लोग स्तब्ध हैं और घटना को संदिग्ध मानकर निष्पक्ष जांच की मांग कर रहे हैं। पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि मनीष मैगी पॉइंट तक कैसे पहुंचा, उसके साथ कोई अन्य व्यक्ति था या नहीं और घटना से पहले उसकी गतिविधियां क्या थी। फिलहाल पुलिस आसपास के सीसीटीवी कैमरों की जांच कर रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *