पेड़ पर बैठा दिखा गुलदार, ग्रामीणों में दहशत

टिहरी। उत्तराखंड के टिहरी जिले के गजा नगर पंचायत के वार्ड संख्या-4 स्थित फलसारी बौंर डांडा के पास चीड़ के पेड़ पर गुलदार के दिखाई देने से ग्रामीणों में दहशत फैल गई। ग्रामीणों ने गुलदार को भगाने के लिए शोरगुल किया, लेकिन वह काफी देर तक पेड़ पर ही बैठा रहा। बाद में गुलदार पेड़ से उतरकर जंगल की ओर चला गया।

घटना की सूचना वन विभाग और नगर पंचायत गजा अध्यक्ष कुंवर सिंह चैहान को दी गई। इसके बाद नई टिहरी रेंज की टीम मौके पर पहुंची और क्षेत्र का जायजा लिया। वनबीट अधिकारी बलबीर सिंह पंवार ने बताया कि पिछले तीन-चार दिनों से शाम के समय ग्रामीणों के साथ क्षेत्र में लगातार गश्त की जा रही है।

फिलहाल गुलदार की दोबारा लोकेशन नहीं मिल पाई है। वन विभाग ने ग्रामीणों से सतर्क रहने की अपील की है। बच्चों को अकेले बाहर नहीं भेजने और शाम के बाद जंगल या सुनसान रास्तों पर अकेले जाने से बचने की सलाह दी गई है।

क्षेत्र के जनप्रतिनिधियों ने वन विभाग से फलसारी क्षेत्र में ट्रैप कैमरे लगाने की मांग की है, ताकि गुलदार की आवाजाही पर लगातार नजर रखी जा सके।

वन विभाग ने ग्रामीणों से अपील की है कि गुलदार दिखाई देने पर उसके करीब न जाएं और न ही उसे घेरने या भगाने का प्रयास करें। तत्काल वन विभाग को सूचना दें।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *