प्रेमी युगल ने छत से कूदकर की जान देने की कोशिश

न्यूज़ सुनें
प्रेमी का टूटा पैर, प्रेमिका का फटा सिर
रुड़की। सरस्वती विहार कॉलोनी में एक प्रेमी युगल ने छत से कूदकर आत्महत्या का प्रयास किया। हादसे में प्रेमी के पैर टूट गए, जबकि युवती के सिर में गंभीर चोट आई है। दोनों को गंभीर हालत में हायर सेंटर रेफर किया गया है। प्रेमी युगल किराये का कमरा लेकर लिव इन रिलेशनशिप में रह रहा था। बताया गया है कि परिजनों के तानों से परेशान होकर उन्होंने यह कदम उठाया था।
शुक्रताल, थाना भोपा, जिला मुजफ्फरनगर उप्र निवासी एक युवक रुड़की क्षेत्र स्थित एक फैक्टरी में काम करता है। उसके साथ एक तलाकशुदा महिला भी फैक्टरी में काम करती है। दोनों के बीच कुछ समय पहले प्रेम प्रसंग शुरू हो गया। इसके बाद दोनों सुनहरा स्थित सरस्वती विहार कालोनी में एक मकान किराये पर लेकर लिव इन रिलेशनशिप में रहने लगे। इसकी जानकारी दोनों परिवारों को भी थी। इसे लेकर दोनों परिवारों में विवाद भी चल रहा था। इस पर परिवार के लोग इन्हें ताने दे रहे थे। इसके चलते प्रेमी युगल काफी तनाव में थे।
इसी तनाव के चलते शनिवार रात प्रेमी युगल ने मकान की छत से कूदकर आत्महत्या का प्रयास किया। छत से गिरकर युवक के पैर टूट गए, जबकि महिला के सिर पर चोट आई है। आनन-फानन में इसकी सूचना गंगनहर कोतवाली पुलिस को दी गई। सूचना पर गंगनहर कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने दोनों घायलों को सिविल अस्पताल भिजवाया। हालत नाजुक होते देख दोनों को ऋषिकेश स्थित एम्स अस्पताल के लिए रेफर कर दिया गया। पुलिस ने इनके परिजनों को भी मामले की जानकारी दी है।
प्रभारी निरीक्षक ऐर्य पाल ने बताया कि पुलिस मामले की छानबीन कर रही है। आसपास रहने वाले लोगों से भी घटना के बारे में जानकारी ली जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *